आधे घंटे तक जंगली भालू से लड़ती रही यह बहादुर महिला, जानिए
पश्चिम चंपारण के रामनगर इलाके में घर लौटने के दौरान जंगली भालू ने एक महिला पर हमला बोल दिया। महिला आधे घंटे तक बहादुरी से उससे लड़ती रही। शोर सुन ग्रामीणों ने भालू को खदेड़ दिया।
प. चम्पारण [जेएनएन]। पश्चिमी चंपारण के रामननगर इलाके में सरेह से लौट रही महिला पर भालू ने हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से महिला घबराई नहीं, बल्कि आत्मरक्षा में भालू से भिड़ गई। आधे घंटे तक बचने का प्रयास करती रही महिला का शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने भालू को खदेड़ा। वहीं लहुलुहान हो चुकी महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बेतिया रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि गोबर्धना वन क्षेत्र अन्तर्गत बन्हवा पर्सा गांव के बच्चा खतईत की पत्नी तेतरी देवी रविवार सुबह सरेह में गई थी। इसी दौरान जंगल से निकले भालू से सामना हो गया। गुर्राने की आवाज सुनकर तेतरी सचेत हो गई। अचानक भालू ने उसपर हमला बोल दिया। चेहरे पर कई वार किए।
भालू के हमले से महिला लहुलुहान हो गई। लेकिन, उसने हिम्मत नहीं हारी। वह भालू के वार से बचने का प्रयास करती रही, साथ ही बचाव के लिए शोर मचाती रही। शोर सुनकर ग्रामीण सरेह की ओर दौड़े। लोगों को देख भालू महिला को पंजे में दबोच भागने का प्रयास करने लगा। ग्रामीणों ने महिला को छुड़ाया। भीड़ देखकर भालू जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने महिला के इलाज के लिए तत्काल दस हजार रुपये भिजवाए हैं।
यह भी पढ़ें: हॉर्न बजाने पर गाय मालिक ने फोड़ी आंख
महिला के जख्म गंभीर हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
डॉ. डीएस आर्या
चिकित्सक, रामनगर पीएचसी
यह भी पढ़ें: बिहार के इस इलाके में मात्र पांच हजार रूपये में बिक जाते हैं बच्चे, जानिए