सदन में लगी मुहर, विजय चौधरी होंगे बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए आज सदन में विजय कुमार चौधरी के नाम पर मुहर लग गई। अब विजय चौधरी ही होंगे बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष। इसके लिए सभी दलों ने अपनी सहमति दे दी है।
पटना। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए आज सदन में विजय कुमार चौधरी के नाम पर मुहर लग गई। अब विजय चौधरी ही होंगे बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष। इसके लिए सभी दलों ने अपनी सहमति दे दी है। आज सत्तापक्ष के अलावा एनडीए ने भी उनके नाम पर अपनी सहमति दे दी है।
बीजेपी के साथ ही हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने भी अपनी सहमति दे दी, लेकिन वामदल ने लिखित समर्थन देने से इंकार किया है।
सबके समर्थन से अब विजय कुमार चौधरी का अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। इससे पहले सत्ताधारी महागठबंधन ने विपक्षी दलों से इस बारे में सहमति की बात की थी। मालूम हो कि सोलहवीं विधानसभा के पहले सत्र में आज विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है।
प्रोटेम स्पीकर सदानंद सिंह के कक्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित सभी दलों के नेताओं की मौजूदगी में सत्ता पक्ष की ओर से सर्वसम्मति से अध्यक्ष का चुनाव करने का प्रस्ताव आया।
भाजपा विधायक दल के नेता प्रेम कुमार ने बताया कि हम लोगों ने इस प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि भाजपा सहित एनडीए के सहयोगी दल भी अध्यक्ष पद पर विजय कुमार चौधरी के चुनाव में प्रस्तावक बनेंगे।
महागठबंधन की ओर से संसदीय कार्यमंत्री श्रवण कुमार को जिम्मेदारी दी गई है कि वह सभी दल के नेताओं से बात करें ताकि विधानसभा अध्यक्ष के लिए चुनाव की नौबत नहीं आए।
इस क्रम में उन्होंने भाजपा, रालोसपा और लोजपा से बात की थी। भाजपा, रालोसपा और लोजपा ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावक का पत्र भी दे दिया है।