बिहार में नहीं, नमो के गुजरात में है 'जंगलराज' : नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। कहा, वे बिहार में जंगलराज की बात करते हैं। सच्चाई यह है कि गुजरात में कानून-व्यवस्था बेपटरी है।
जागरण टीम, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। कहा, वे बिहार में जंगलराज की बात करते हैं।
सच्चाई यह है कि गुजरात में कानून-व्यवस्था बेपटरी है। इसी माह वहां पंचायत चुनाव होने थे, लेकिन प्रशासन ने यह कहकर चुनाव स्थगित कर दिए कि विधि-व्यवस्था ठीक नहीं है। बिहार में नहीं, गुजरात में जंगलराज है।
सीएम ने कहा कि जीतन राम मांझी को कोई जानता तक नहीं था। हमने महादलित को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाया, लेकिन वे भाजपा से मिल गए। यहीं से बगावत शुरू हुई और आज इमामगंज में मांझी इसी बगावत के तहत उदय नारायण चौधरी के खिलाफ चुनाव लडऩे आ गए हैं।
मुख्यमंत्री औरंगाबाद में नवीनगर और गया जिले के इमामगंज, गुरुआ और शेरघाटी में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दुआ कीजिए कि मेरी जुबान न फिसले। गलत शब्द न निकलें।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जितने वादे किए सभी झूठे साबित हुए हैं। मोदी पहले गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उसके बाद देश की कमान जनता को झूठा सपना दिखाकर ले ली। भाजपा बिहार को जंगलराज कहती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महागठबंधन में लालू-नीतीश और सोनिया बिखरने वाले नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहारी अहंकारी नहीं स्वाभिमानी होते हैं। हमने शांति, प्रेम और भाईचारे का माहौल कायम किया। न्याय के साथ बिहार आगे बढ़ रहा है। राज्य के लोग अमन-चैन के साथ जीवन जी रहे हैं। सीएम ने कहा, 2016 तक बिहार बिजली में आत्मनिर्भर होगा। कहा कि नवीनगर बिजली का हब बन रहा है। यहां से जो ऊर्जा निकलेगी उससे दूसरे राज्यों को भी बिजली मिलेगी।