भाजपा व लालू-नीतीश को रोकेगी जनता : सीताराम येचुरी
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा है कि बिहार के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाला राजग एवं लालू-नीतीश के साथ कांग्रेस महागठबंधन को सत्ता में आने से जनता रोकेगी। यहां की जनता वाम दलों को एक मौका देगी।
पटना। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा है कि बिहार के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाला राजग एवं लालू-नीतीश के साथ कांग्रेस महागठबंधन को सत्ता में आने से जनता रोकेगी। यहां की जनता वाम दलों को एक मौका देगी। चुनाव में वाम दलों ने खुद को तीसरा विकल्प के रूप में पेश किया है।
बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में येचुरी ने कहा कि इस बार बिहार का चुनाव देश की राजनीति दिशा तय करेगा। वाम दलों का मूल उद्देश्य सांप्रदायिक ताकतों को चुनाव में हराना है। आरएसएस के हिंदुत्व एजेंडे को भाजपा देश पर थोपना जा रही है।
आरएसएस की कठपुतली भाजपा के नेतृत्व वाली नरेंद्र मोदी सरकार सरकारी संस्थाओं को भगवाकरण कर रही है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का आरक्षण संबंधी बयान कोई नया नहीं है। आरएसएस व भाजपा आरक्षण के प्रावधान का हमेशा से विरोधी रही है। चूंकि संविधान में आरक्षण का प्रावधान है, इसलिए इसे खत्म नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा दस हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। यह पैसा कहां से आ रहा है? इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए।
येचुरी ने लालू-नीतीश पर बिहार की जनता को झांसा देकर और जातीय गोलबंदी करके सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया। कहा कि नीतीश कुमार ने अपने दस साल के शासन में जनता से जो वादे किए, वे पूरे नहीं हुए।
भूमि सुधार आयोग व अमीर दास आयोग की सिफारिश तथा रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया। गरीब-अल्पसंख्यक और दलित वर्ग को लालू-नीतीश के 25 सालों के शासन से कोई लाभ नहीं मिला। इसे लेकर जनता में जबरदस्त गुस्सा है।
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव द्वारा गठित तीसरे मोर्चे से जुड़े सवाल पर येेचुरी ने कहा कि लालू-नीतीश द्वारा सीटों के बंटवारे में सपा को तवज्जो नहीं देने के चलते मुलायम सिंह यादव जनता परिवार से अलग हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव में वाम दलों का साझा घोषणा पत्र होगा। हमने साथ मिलकर जनता के नाम अपील जारी की है और एक मौका वाम दलों को देने की अपील की है।