चंपारण से राहुल गांधी करेंगे चुनावी लड़ाई का शंखनाद
महागठबंधन के बैनर तले विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरी कांग्रेस अपनी चुनावी लड़ाई का शंखनाद चंपारण से करेगी। 20 से 23 सितंबर के बीच कांग्रेस चंपारण में बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी में लग गई है। इसमें पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुद आ रहे हैं।
पटना। महागठबंधन के बैनर तले विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरी कांग्रेस अपनी चुनावी लड़ाई का शंखनाद चंपारण से करेगी। 20 से 23 सितंबर के बीच कांग्रेस चंपारण में बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी में लग गई है। महत्वपूर्ण यह है कि चुनावी लड़ाई का बिगुल फूंकने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुद चंपारण आ रहे हैं।
बिहार कांग्रेस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी से प्रदेश कांग्रेस ने चंपारण से चुनावी रण शुरू करने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। इतना ही नहीं, उन्होंने खुद बिहार और खासकर गांधी की कर्मभूमि चंपारण आने की इच्छा जाहिर की है, हालांकि अब तक रैली की अंतिम तारीख तय नहीं, परंतु राहुल ने 20 से 23 सितंबर के बीच रैली करने को कहा है, ताकि वे उसमें शामिल हो सकें।
सूत्रों की मानें तो राहुल ने बिहार कांग्रेस के नेताओं से दिल्ली में हुई मुलाकात के क्रम में इस बात के संकेत भी दिए हैं कि वे बिहार में महा गठबंधन के लिए प्रचार करेंगे। सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही लालू प्रसाद के साथ भी मंच शेयर करने की अनुमति उन्होंने दे दी है।
बहरहाल, पार्टी उम्मीद कर रही है कि राहुल के बिहार आने से महागठबंधन को चुनाव में बड़ा फायदा हो सकता है।