चाची को चाकू मार किया घायल
पटना। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एक्जीबिशन रोड स्थित मातेश्वरी अपार्टमेंट में भिखारी कहने पर चचेरे
पटना। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एक्जीबिशन रोड स्थित मातेश्वरी अपार्टमेंट में भिखारी कहने पर चचेरे भतीजे ने चाची पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। अपार्टमेंट के लोगों ने आरोपी रणधीर कपूर उर्फ सोनू को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल प्रेरणा कपूर उर्फ दामिनी को इलाज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोटर पार्ट्स के होलसेल का कारोबार करने वाले विवेक कपूर एक्जीबिशन रोड के मातेश्वरी अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 404/बी पत्नी प्रेरणा कपूर और मां के साथ में रहते हैं। वहीं रणधीर कपूर उर्फ सोनू स्टेशनरी का व्यापार करता है। वह चौक थाना क्षेत्र के किला रोड में रहता है। मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे सोनू विवेक के घर पहुंचा। घर में प्रेरणा और उसकी सास थी। सोनू ने करीब आधा घंटा विवेक की मां से बात किया। इस दरम्यान किसी बात को लेकर प्रेरणा और उसके बीच झगड़ा होने लगा। इस दौरान प्रेरणा ने सोनू को भिखारी कह दिया। घर से बाहर निकलने के क्रम में दहलीज पर सोनू ने जेब से चाकू निकाला और प्रेरणा के गले पर वार कर दिया, जिससे उसका गला कट गया। हाथापाई में प्रेरणा की हथेली भी कट गई। उसकी चीखें सुनकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग दौड़ पड़े और सोनू को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को इत्तिला दी। सोनू की मानें तो करीब एक दशक पहले उसकी कमाई लाखों में थी। उसने विवेक को कारोबार शुरू करने के पैसे दिए थे। अब उसका व्यापार मंदा चल रहा है। वह जब भी दादी से मिलने के लिए विवेक के घर जाता तो प्रेरणा उसकी आर्थिक स्थिति को लेकर ताने कसती थी। इसी खीझ में उसने घटना को अंजाम दिया। उसे अपनी करनी पर पछतावा नहीं है।
थानाध्यक्ष आरके शर्मा ने बताया कि सगे चाचा रमेश चंद्र कपूर से मारपीट करने के आरोप में वर्ष 2010 में चौक थाना पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह 13 दिनों तक कालकोठरी में रहा। घायल के बयान पर सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना को पारिवारिक विवाद के कारण अंजाम दिया गया।