अघोषित इमरजेंसी लागू करने के मूड में हैं नीतीश : सुमो
पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (सुमो) ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीते दस वर्षों के काम-काज का श्रेय लेने में जुटे हैं। उन्हें मालूम होना चाहिए कि साढ़े सात वर्ष तक भाजपा सरकार में थी।
पटना। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (सुमो) ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीते दस वर्षों के काम-काज का श्रेय लेने में जुटे हैं। उन्हें मालूम होना चाहिए कि साढ़े सात वर्ष तक भाजपा सरकार में थी।
उन्हें बीते दो वर्ष के कार्यकलापों को जनता के बीच बताना चाहिए। सुमो शनिवार को यहां प्रदेश भाजपा प्रचार मंच की कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता मंच के प्रदेश अध्यक्ष बैद्यनाथ रमण ने की।
अपने भाषण में सुमो ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राज्य में अघोषित इमरजेंसी लागू करने के मूड में हैं, मगर भाजपा ऐसा कभी नहीं होने देगी। 40 साल पूर्व भी हमारे कार्यकर्ता उसके खिलाफ थे और आज भी हैं। नीतीश के मंसूबे को कभी सफल नहीं होने देंगे ।
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डेय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मंच की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। केन्द्र सरकार द्वारा बिहार को दिए जा रहे सहयोग से आम जनता को अवगत कराना है । मुख्यमंत्री केन्द्र से सहयोग लेकर भी केन्द्र सरकार के खिलाफ बोल रहे हैं, उनकी इस गलतबयानी का पर्दाफाश करना है ।
विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है। पार्टी कार्यकर्ता लालू-नीतीश की सत्ता को उखाड़ फेंकने में पूरी ताकत से लग जाएं। केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने राजद-जदयू के शासन को समाप्त करने का मन बना लिया है। बिहार से जंगलराज को खत्म करने के लिए प्रचार मंच के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर भाजपा के कार्यों से जनता को अवगत कराएं।
बैठक का संचालन मंच के प्रदेश महामंत्री नागेन्द्र कुमार ने किया।
बैठक को सांसद आरके सिन्हा, विधान सभा में प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक अरुण कुमार सिन्हा, प्रदेश सह संगठन मंत्री शिवनारायण प्रसाद, महामंत्री सूरजनंदन कुशवाहा, संजीव चैरसिया, उपाध्यक्ष संजय मयूख, विधायक नितिन नवीन, प्रचार मंच के महामंत्री नवनीत दूबे, उपाध्यक्ष रणवीर कुमार, मनोज सिंह, शंभू गिरि व मंत्री सत्यदेव यादव समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।