न दिल मिले, न होती बात, सत्ता मोह में साथ-साथ : नन्द किशोर
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नन्द किशोर यादव ने कहा कि परस्पर धुर विरोधी रहे राजद व जदयू सुप्रीमो केवल सत्ता मोह में एका का राग अलाप रहे हैं। जनता इस बात को समझ चुकी है। अब ये केवल अपना वजूद बचाने के लिए हाथ पांव मार रहे हैं।
पटना। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नन्द किशोर यादव ने कहा कि परस्पर धुर विरोधी रहे राजद व जदयू सुप्रीमो केवल सत्ता मोह में एका का राग अलाप रहे हैं। जनता इस बात को समझ चुकी है।
अब ये केवल अपना वजूद बचाने के लिए हाथ पांव मार रहे हैं। सूबे की जनता ने अब अपना मन बना लिया है। भाजपा को रोकने के लिए जदयू राजद जो कुछ भी कर रहे हैं उससे लोगों का आक्रोश और बढ़ता जा रहा है।
यादव ने जदयू सुप्रीमो का हवाला देते हुए कहा कि वे कहते हैं कि विलय होगा। राजद प्रमुख कहते हैं गठबंधन होगा। दोनों नेता मंच साझा करने तक से कतराते हैं। जिन्हें एक-दूसरे पर भरोसा नहीं, वो साथ मिलकर बिहार की जनता को सुशासन और विकास का भरोसा दे रहे हैं।
यादव ने कहा कि जदयू, राजद और कांग्रेस जैसी पार्टियां भाजपा पर आरोप लगा रही हैं कि एक साल में अच्छे दिन नहीं आए। हम पूछना चाहते हैं जदयू से कि उसकी नजर में अच्छे दिन क्या हैं।
किसानों को खुदकशी के लिए मजबूर करना, धान खरीद में घोटाला करके किसानों का 343 करोड़ रुपया बकाया रखना, एक महीना बाद भी फसल क्षतिपूर्ति का 300 करोड़ नहीं बांटा जाना, डकैती-रेप-गैंगरेप अच्छे दिन हैं क्या? यादव ने केंद्र की उपलब्धियां गिनाते हुए जदयू सुप्रीमो को नसीहत दी कि वे इससे सबक लें और सच्चाई से न भागें।