स्कॉर्पियो ने एक को रौंदा, मौत
पटना। सचिवालय गेट पर गुरुवार सुबह बेलगाम स्कॉर्पियो ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही
पटना। सचिवालय गेट पर गुरुवार सुबह बेलगाम स्कॉर्पियो ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रिक्शा पलट गया। स्कॉर्पियो ने भागने की फिराक में रिक्शा चालक को रौंद डाला। रिक्शे पर बैठी महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। हालांकि पुलिस के आने से पहले पह भी चुंगल से निकलकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा, जहां इलाज के दौरान रिक्शा चालक की मौत हो गई। गांधी मैदान यातायात थानाध्यक्ष सुजय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। मृतक की पहचान मनेश्वर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक रिक्शा चालक मनेश्वर सुबह नौ बजे एक महिला को लेकर मीठापुर बस स्टैंड जा रहा था। सचिवालय गेट पहुंचते ही पीछे से आ रही स्कार्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में रिक्शा चालक स्कार्पियो के नीचे आ गया और स्कॉर्पियो ने उसे कुचल डाला। वहीं रिक्शे पर सवार महिला सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी। इसी बीच आसपास के लोग जुट गए और स्कार्पियो चालक को दबोच लिया। बताया जा रहा कि स्कार्पियो में एक परिवार बैठा था, जिसे शादी दीघवारा जाना था। लोगों ने चालक की पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई। सचिवालय पुलिस के पहुंचते ही स्कॉर्पियो चालक भाग निकला।