खुर्शीद ने कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही मोदी सरकार
पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि केन्द्र की मोदी सरकार राष्ट्रीय हित एवं सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा देश को मजबूत करने के बारे में इस सरकार के पास न तो सिद्धांत है और न ही प्राथमिकताएं।
पटना। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि केन्द्र की मोदी सरकार राष्ट्रीय हित एवं सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा देश को मजबूत करने के बारे में इस सरकार के पास न तो सिद्धांत है और न ही प्राथमिकताएं। वे शनिवार को सदाकत आश्रम में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
सलमान खुर्शीद ने कहा किसी भी सरकार का पहला दायित्व सीमाओं की रक्षा और आतंरिक सुरक्षा को मजबूत करना होता है लेकिन मोदी सरकार की संपूर्ण ताकत केवल प्रधानमंत्री की अंतरराष्ट्रीय छवि चमकाने में लगी है। सरकार की असफल नीतियों, कार्यक्रम और कूटनीतिक दुर्गति इस बात का सबूत है कि रक्षा क्षेत्र में भारत ने अपना रणनीतिक दृष्टिकोण खो दिया है। यदि रक्षा खर्च में कटौती, युद्ध विराम का निरंतर उल्लंघन, सीमा पर बढ़ती गोलीबारी, पाकिस्तान और चीन की नियंत्रण रेखा पर व्यापक घुसपैठ और एक रैंक एक पेंशन को ठंडे बस्ते में डालने जैसी घटनाओं को देखा जाए तो मोदी सरकार इस कथन को चरितार्थ करती है कि 'बढ़ते गए सीमा पर वार, ऐसी रही मोदी सरकार।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में इस देश की मीडिया का बड़ा हाथ रहा। पर आज जब सरकार बन चुकी है तो इस सरकार को मीडिया तक पर भरोसा नहीं रह गय। केन्द्र सरकार के दफ्तरों में कोई व्यक्ति मोबाइल या पेन तक लेकर नहीं जा सकता है। कांग्रेस के शासनकाल में जब कोई मंत्री या प्रधनमंत्री विदेश जाते थे तो उनके जहाज पर 60 प्रतिशत मीडिया के लोग होते थे लेकिन मोदी सरकार ने मीडिया तक के लिए दरवाजे बंद कर दिए हैं।
मोदी सरकार को कुछ गिने चुने लोगों की सरकार बताते हुए सलमान खुर्शीद बोले, इस देश को भारत की विदेश नीति को समझना होगा। मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो विदेश की धरती पर जाकर कहते हैं भारत में एक साल पहले तक पैदा होना अपमान का विषय माना जाता था। अपने इस बयान में उन्होंने पंडित नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक के कार्यों का तो अपमान किया ही साथ ही भाजपा के ही प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों को भी भूल गए। मोदी यह नहीं जानते कि 365 दिन में सबकुछ नहीं बदला है।
बिहार की जाति व्यवस्था से जुड़े सवाल पर सलमान खुर्शीद ने कहा कास्ट इस देश की वास्तविकता है। मगर इसका दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कांग्रेस का प्रयास था कि विकास होना चाहिए। विकास होगा तो कास्ट व्यवस्था खुद ब खुद समाप्त हो जाएगी। मोदी सरकार में घोटालों के संबंध में बोले, व्यापम घोटाला कहां हुआ है मुझे नहीं मालूम। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अशोक चौधरी, विधान पषिद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा, मीडिया कॉडिनेटर चंदन झा व प्रवक्ता एचके वर्मा मौजूद थे।