बिहार में आंधी-पानी से तबाही, वज्रपात में दस मरे
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बिहार बंद की वजह से परेशान राजधानी के लोगों को आंधी और बारिश ने भी जमकर तंग कर दिया।
जेएनएन, पटना : सोमवार को दोपहर राजधानी समेत कई जिलों में आंधी और बारिश ने ने जमकर तबाही मचाई। गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। कोसी क्षेत्र व पूर्व बिहार में जोरदार बारिश और वज्रपात में 10 लोगों की जान चली गईं। पटना और आसपास के जिले में कच्चे मकानों और पेड़ों के गिरने की खबर है। कुछ लोग घायल भी हो गए हैं। नालंदा में एक व्यक्ति के मरने की खबर है।
राजधानी में सुबह से आसमान में बादल दिख रहे थे। दोपहर 12.30 बजे अंधेरा छा गया और तेज हवा के साथ हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आंधी की वजह से लोडशेडिंग करनी पड़ी। एक बजे तक अंधेरा कायम रहा। तेज हवा की वजह से पेड़ों और डालियां टूट गईं। ट्रैफिक पर भी प्रभाव पड़ा। गांधी मैदान के पास एक गाड़ी पर पेड़ गिर पड़ा। पटना जिले के बिहटा, बिक्रम और पालीगंज में तेज हवा से कुछ कच्चे मकानों के नुकसान की खबर है। बिहटा में मुख्य मार्ग पर पेड़ की डाली की चपेट में आकर दो युवक घायल हो गए। नालंदा में तेज आंधी से तबाही हुई है। एक व्यक्ति की मरने की भी सूचना है। हरनौत थाना क्षेत्र के इचनी गांव के ईंट भट्ठे पर कच्ची दीवार से दबकर 22 वर्षीय मुंशी नालेज कुमार की मौत हो गई। नालेज कुमार नूरसराय के मलबिगहा गांव का निवासी था। उधर चंडी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में बरगद पेड़ की टहनी से दबकर दो भैंसें मर गईं।
भागलपुर कार्यालय के अनुसार कोसी क्षेत्र व पूर्व बिहार में वज्रपात में 10 लोगों की जान चली गईं। मरने वालों में सुपौल के दो, जमुई में एक, लखीसराय के दो, पूर्णिया में एक व मुंगेर के चार लोग शामिल हैं। सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड की डहरिया पंचायत में भूपेंद्र यादव (45) और मरौना प्रखंड की कदमाहा पंचायत के परड़ी गांव में पप्पू चौपाल (12) की मौत हो गई। लखीसराय के लक्ष्मीपुर प्रखंड की काला पंचायत के काला निवासी विपिन पासवान (22) की मौत वज्रपात से हो गई। चानन थाने की खुटूपार पंचायत के पचाम निवासी रामदेव भगत उर्फ फलारी भगत (50) गाय चरा रहा था। वज्रपात की चपेट मे आने से उसकी मौत हो गई। पूर्णिया जिले के रूपौली प्रखंड के झलारी गांव के पास सहरसा जिले के निवासी एकव्यक्ति की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। युवक मोटर साइकिल से था तभी ठनके की चपेट में आ गया।
मुंगेर में वज्रपात से चार जानें चली गईं। मरने वालों में धरहरा गांव के चंद्रिका साह की पत्नी वनिता देवी और बड़ी गोविंदपुर के सत्तन यादव की पत्नी किरण देवी की मौत समेत दशरथी गांव में पप्पू सिंह की पुत्री सोनम (12) और शेखो बिंद की पुत्री जमली कुमारी शामिल हैं।