आश्चर्य, इतना बड़ा हादसा और पैदल पहुंची पुलिस
आश्चर्य, इतना बड़ा हादसा और पैदल पहुंची पुलिस
मुजफ्फरपुर : अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने अजीजपुर घटना के लिए सरैया पुलिस को जिम्मेदार माना है। आयोग ने पुलिस की भूमिका को संदेहास्पद मानते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही। शनिवार को परिसदन में प्रेसवार्ता में टीम ने कहा कि आश्चर्य है, इतना बड़ा हादसा हुआ और पुलिस पैदल पहुंची। पुलिस घटना को रोक सकती थी। पुलिस तत्पर रहती तो यह दो परिवारों के बीच तक ही सिमट जाता, मगर ऐसा नहीं हुआ।
आयोग के अध्यक्ष मो. नौशाद अहमद एवं उपाध्यक्ष पद्मश्री सुधा वर्गीज ने कहा कि घटना दुखद व निंदनीय है। मुख्यमंत्री खुद घटना की निगरानी कर रहे हैं। पीडि़तों की मदद की जा रही है। मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन एक बेहतर कदम है। सरकार नियमों से ऊपर उठकर पीडि़तों की मदद कर रही है। क्षति का आकलन किया जा रहा है। सौ फीसद मुआवजा मिलेगा। उन्होंने घटना में लोगों की जान बचाने वाली शैल देवी व रामवृक्ष कुशवाहा की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री नजमा हेपतुल्लाह पर निशाना साधते हुए कहा कि पटना आकर सभा में केंद्र का गुणगान किया और रवाना हो गईं। उनके पास पीडि़तों का दर्द जानने के लिए भी समय नहीं।
आयोग ने कहा कि जिलाधिकारी के पहुंचने के बाद सरैया थाने की पुलिस पहुंची। यह कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने शांति समिति में युवाओं व महिलाओं को भी शामिल करने की बात कही। मौके पर सदस्य सचिव मो. मंसूर अहमद एजाजी भी मौजूद थे।