फूंका मोदी-जेटली का पुतला
पटना। केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाए जाने के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल ने
पटना। केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाए जाने के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का पुतला डाकबंगला चौराहे पर फूंका। पार्टी नेताओं ने बढ़े शुल्क को वापस लेने की मांग की। प्रदेश राजद के प्रधान महासचिव मुंद्रिका सिंह यादव के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से राजद कार्यकर्ता निकाले और आयकर गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहा पहुंचे।
राजद नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। प्रधान महासचिव मुंद्रिका सिंह यादव ने कहा कि पिछले आम चुनावों में भाजपा ने देशभर में विकास के नाम पर वोट मांगा। तेल की कीमतों पर मनमाना टैक्स लगाकर जनता को महंगाई की मार झेलने पर मजबूर कर रही है। युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। किसानों की सब्सिडी खत्म कर हकमारी की जा रही है। कालाधन वापसी के मद्दे पर देश की जनता ठगा महसूस कर रही है। प्रदेश महासचिव निराला यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वे जनता से किए वादों को पूरा करें।
पुतला दहन कार्यक्रम में युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष शिवचंद्र राम, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सतीश गुप्ता, चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार बाल्मिकी, प्रदेश प्रवक्ता मनीष यादव, जिलाध्यक्ष देवमुनी सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष महताब आलम, खुर्शीद आलम सिद्दीकी, बबन यादव, भाई अरुण, रणविजय साहु, प्रमोद कुमार सिन्हा, बल्ली यादव, डॉ. आशीष सिन्हा, मदन शर्मा, चंदेश्वर प्रसाद सिंह, अमिताभ ऋतुराज आदि ने भाग लिया।