'गुदड़ी के लाल' के सपने बुनते हैं आनंद
आनंद कुमार गणित के प्रसिद्ध शिक्षक तो हैं ही पर इससे ज्यादा उन्हें जाना जाता है 'सुपर 30Ó की अनूठी पहल के लिए जिसके माध्यम से उन्होंने वंचित और गरीब परिवारों के बच्चों को अपने खर्चे पर आइआइटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई एवं उनके चयन का मार्ग प्रशस्त किया।
पटना (कौशल किशोर मिश्र ) : आनंद कुमार गणित के प्रसिद्ध शिक्षक तो हैं ही पर इससे ज्यादा उन्हें जाना जाता है 'सुपर 30Ó की अनूठी पहल के लिए जिसके माध्यम से उन्होंने वंचित और गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को अपने खर्चे पर आइआइटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई एवं उनके चयन का मार्ग प्रशस्त किया।
रामानुजन स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स :
गणित के प्रति जुनून के कारण ही स्नातक की पढ़ाई के दौरान उन्होंने रामानुजन स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स की स्थापना की। इस दौरान ही उनके गणित से जुड़े कई आलेख प्रसिद्ध पत्रिकाओं एवं जर्नल में प्रकाशित हुए। 1994 में उन्हें कैंब्रिज विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा का अवसर मिला पर परिवार की खराब आर्थिक स्थिति सपनों को पूरा करने में आड़े आ गई। पिता डाक विभाग में छोटे कर्मचारी थे। उनकी अचानक मौत से पारिवारिक आमदनी का मुख्य स्रोत भी समाप्त हो गया। परिवार चलाने के लिए मां पापड़ बनाती थीं और आनंद शाम को उसे बेचते थे। दिन का समय वे गणितीय सिद्धांतों के अध्ययन में लगाते थे।
गरीब छात्रों के लिए प्रयासरत :
बचपन से ही गरीबी को इतने करीब से देखकर ही उन्होंने निश्चय किया कि वे गरीब छात्रों के लिए कुछ करेंगे और इस दौरान ही उनके दिमाग में 'सुपर 30Ó की परिकल्पना की नींव पड़ी। दस वर्ष पूर्व इसकी स्थापना से लेकर अब तक उनके मार्गदर्शन में 263 छात्रों का चयन देश के सर्वश्रेष्ठ तकनीकी संस्थान आइआइटी में हो चुका है। खास बात यह है कि इनमें से ज्यादातर वंचित परिवारों के सदस्य थे। अधिकतर बच्चों के माता-पिता के लिए आइआइटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) में चयन एक सपना था। सुपर 30 के माध्यम से आनंद छात्रों को मुफ्त भोजन, ठहरने एवं कोचिंग की मदद देते हैं। इसके लिए वे निजी कोचिंग से प्राप्त आय का एक हिस्सा खर्च करते हैं। इस प्रयास में उनका पूरा परिवार साथ देता है।
प्रयास को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान :
- डिस्कवरी चैनल ने उन पर एक घंटे का डॉक्यूमेंट्री तैयार की है।
- एसटीबी रिसर्च इंस्टीट्यूट जापान के मुख्य अर्थशास्त्री योइची ने प्रसिद्ध चैनल एनएचके के लिए सुपर 30 पर फिल्म बनाई है। इसे 'सिक्रेट वेपन ऑफ इंडिया' की संज्ञा दी।
- टाइम मैग्जीन ने सुपर 30 को बेस्ट ऑफ एशिया 2010 में शामिल किया है।
- अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के विशेष दूत राशिद हुसैन ने इसे भारत का सर्वश्रेष्ठ संस्थान बताया।
- न्यूज वीक पत्रिका ने इसे विश्व के चार सबसे इनोवेटिव स्कूलों में शामिल किया।
- नवंबर 2010 में बिहार सरकार ने आनंद को अपने शीर्ष अवार्ड 'मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार' से सम्मानित किया।
- बालीवुड फिल्म 'आरक्षण' में अमिताभ को शिक्षक की उनकी भूमिका के लिए आनंद ने टिप्स दिए।
- 2011 में यूरोप की मैग्जीन 'फोकस' ने उन्हें अन्य हस्तियों के साथ प्रसिद्ध वैश्विक व्यक्तित्व के रूप में चुना।
- चाइना इंटरनेशनल रेडियो, बीबीसी एवं जर्मन रेडियो ने उन पर प्रोग्राम प्रसारित किए हैं।