धर्मांतरण से भाजपा का लेना देना नहीं: शाहनवाज
भारतीय जनता पार्टी का आगरा में धर्मांतरण पर उठे विवाद या वैशाली में हुई घर वापसी जैसे कार्यक्रमों से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है। वह जबरन किसी का धर्म परिवर्तन कराने की पक्षधर नहीं है।
पटना। भारतीय जनता पार्टी का आगरा में धर्मांतरण पर उठे विवाद या वैशाली में हुई घर वापसी जैसे कार्यक्रमों से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है। वह जबरन किसी का धर्म परिवर्तन कराने की पक्षधर नहीं है।
झारखंड में चुनाव प्रचार बंद होने के बाद यहां लौटे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष जिस तरह से इसे मुद्दा बना रहा है, वह उचित नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वक्तव्य की मांग को लेकर सदन को नहीं चलने देना किसी भी दृष्टिकोण से सही नहीं है। यह भी कोई बात हुई कि संसद में जो भी सवाल उठे हर का जवाब प्रधानमंत्री ही दें। इसका तो मतलब यह हुआ कि बाकी मंत्रियों की छुट्टी कर दी जाए। आखिर कैबिनेट किसलिए होती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत के अल्पसंख्यक समुदाय का विश्वास सिर्फ और सिर्फ नरेंद्र मोदी पर है। हम सांप्रदायिकता में नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद में विश्वास करते हैं।
शाहनवाज ने कहा कि झारखंड और जम्मू कश्मीर में जिस तरीके से बड़ी तादाद में मुस्लिम समाज का भाजपा को समर्थन मिल रहा है वह लालू और नीतीश के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में इन दोनों नेताओं के गठबंधन का पहला टेस्ट होने वाला है। यहां पर दोनों मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इसका परिणाम बताएगा कि अगले साल बिहार विधानसभा चुनाव में क्या होने वाला है। जिस तरह हम राष्ट्र जीते, हरियाणा और महाराष्ट्र जीते वैसे बिहार पर भी फतह करेंगे। उन्होंने कहा कि तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे जब तक बिहार पर कब्जा नहीं कर लेते।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज संसद में 26/11 के मुख्य अभियुक्त लखवी को पाकिस्तान की अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया है। पाकिस्तान एक तरफ आतंकवाद से लडऩे की बात करता है तो दूसरी तरफ लखवी और हाफिज सईद जैसे लोगों को प्रश्रय देता है। लखवी और सईद जैसे लोगों को उसे तुरंत भारत को सौंप देना चाहिए।
कालाधन के सवाल पर नीतीश कुमार के धरना पर बैठने की घोषणा से जुड़े सवाल के जवाब में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अब उनके पास इसके सिवाय कोई दूसरा काम तो रह नहीं गया है। वैसे भी मुख्यमंत्री मांझी उन्हें सरकारी कार्यक्रमों में तो बुलाते नहीं हैं। सात महीने में केंद्र ने बिहार के लिए क्या किया? इस पर शाहनवाज ने कहा केंद्रीय विश्वविद्यालय को शुरू कराया। बाढ़ में एनटीपीसी में उत्पादन चालू कराया। रोड और पुल के प्रोजेक्ट को पूरा करा रहे हैं। वैसे बिहार से जुड़े मुद्दों पर मैं जदयू नेता नीतीश कुमार से कहीं भी बहस करने को तैयार हूं।