राजनीति में नहीं आता तो आइएएस बनता : मांझी
काको प्रखंड में जहानाबाद-राजगीर स्टेट हाईवे पर अमथुआ शरीफ स्थित खानकाह में गुरुवार की शाम अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उन्होंने इतिहास बना दिया है। जिस काम को किसी ने नहीं किया, उसे कर दिखाया।
जहानाबाद। काको प्रखंड में जहानाबाद-राजगीर स्टेट हाईवे पर अमथुआ शरीफ स्थित खानकाह में गुरुवार की शाम अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उन्होंने इतिहास बना दिया है। जिस काम को किसी ने नहीं किया, उसे कर दिखाया। कहा, यदि राजनीति में नहीं आता तो आइएएस बनता। अवसर बार- बार नहीं मिलता है इसलिए जो समय मिला है उसका उपयोग कर रहे हैं।
सीएम ने कहा, कैबिनेट की बैठक में दो ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। पहला शहर में रहने वाले गरीबों के लिए इंदिरा आवास बनाना और दूसरा अम्बेडकर फाउंडेशन का निर्माण। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, गरीब अल्पसंख्यक व आदिवासियों को पचास लाख रुपये तक ठेके में आरक्षण दिया जाएगा।
मांझी ने कहा कि मेरे पिता खेत में काम करते थे और मैं भी किसान के यहां काम करता था। अपने क्लास के दो लड़कों को ट्यूशन पढ़ाता था। जब 1966 में बीए आनर्स किया तो आसपास के गांवों के लोग देखने आये कि यह कौन भुईया का लड़का है जिसने ग्रेजुएशन किया। मंच पर गृह सचिव आमिर सुबहानी की ओर इशारा करते हुए बोले, यदि राजनीति में न आता तो आइएएस बनता।