नशे में धुत सुरक्षाकर्मी ने बेउर जेल में की फायरिंग
बेउर जेल की सुरक्षा में तैनात कारा कक्षपाल ने शनिवार को अचानक जेल टॉवर पर ड्यूटी के दौरान फायङ्क्षरग शुरू कर दी। फायरिंग से बेउर जेल में कैदियों के बीच अफरातफरी मच गई। जेल प्रशासन सकते में आ गया।
पटना। बेउर जेल की सुरक्षा में तैनात कारा कक्षपाल ने शनिवार को अचानक जेल टॉवर पर ड्यूटी के दौरान फायङ्क्षरग शुरू कर दी। फायरिंग से बेउर जेल में कैदियों के बीच अफरातफरी मच गई। जेल प्रशासन सकते में आ गया। जब काराधीक्षक व जेलर नीचे से ही समझाने को पहुंचे तो उसने उनको टारगेट कर फायर कर दिया। नशे में होने के कारण गोली निशाने से चूक गई जिससे काराधीक्षक व जेलर बाल-बाल बच गए। बाद में जेल अधीक्षक शिवेन्द्र प्रियदर्शी व कारा कक्षपाल राकेश सिंह की सूझबूझ से नशेड़ी कक्षपाल को काबू में किया गया। आरोपी कक्षपाल मिंज व उसे ड्यूटी देने वाले प्रभारी उच्च कक्षपाल नरेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मिंज को बेउर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूचना मिलते ही एसएसपी जितेन्द्र राणा व जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि रायफल और 18 कारतूस जब्त किए गए हैं।
दृश्य एक :
समय 12.25 बजे। जेल के मैदान में सारे कैदी धूप सेंक रहे थे। अस्पताल के पास भी कुछ कैदी बाहर धूप में खड़े थे। टावर संख्या सात पर पैट्रिक मिंज ड्यूटी पर तैनात था। वह कुछ अजीबोगरीब हरकत कर रहा था। कैदियों ने उसे चिढ़ा दिया। इसके बाद मिंज ने अपनी रायफल उठाई और चिढ़ा रहे कैदियों को निशाना कर एक फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही जेल प्रशासन सकते में आ गया। जेल के बाहर भी हलचल मच गई। काराधीक्षक प्रियदर्शी व जेलर हालात का जायजा लेने नीचे टावर की ओर बढ़े ही थे कि ऊपर से उन्हें टारगेट कर दूसरा फायर किया गया। हालांकि वे लोग इधर-उधर खिसक लिए थे।
दृश्य दो
12.55 बजे। अधीक्षक प्रियदर्शी ने विवेक से काम लेते हुए पहले सारे कैदियों को वार्ड में बंद करवा दिया। उन्होंने तत्काल एक बहादुर कक्षपाल राकेश सिंह को बुलवाया। उसे टावर पर चढऩे को कहा और स्वयं टावर की निगरानी करने के लिए यमुना खंड के 4-24 वार्ड के पास पहुंच टावर संख्या सात की निगरानी करने लगे। वहीं से राकेश सिंह को वहां की पूरी स्थिति की आंखों-देखी बताते रहे। जब मिंज की नशे की अधिकता से आंखें बंद होने लगीं तो राकेश को उन्होंने टावर पर चढऩे का निर्देश दिया। चुपके से बगैर आवाज किए राकेश चढ़ गया। पहुंचते ही झपट्टा मार सबसे पहले रायफल पर कब्जा किया। उसके बाद धीरे-धीरे दूसरे आरक्षी भी टावर पर चढ़ गए। एक आरक्षी रायफल लेकर नीचे उतर गया और राकेश मिंज को लेकर धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा। पूरे आपरेशन में महज 30 मिनट लगे। 1.25 बजे आपरेशन समाप्त हो गया।
दृश्य 3
1.45 बजे। मौके पर जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह एवं एसएसपी जितेन्द्र राणा के साथ ही डीएसपी फुलवारीशरीफ समेत कई अन्य थानों की पुलिस पहुंच गई। मिंज को बेउर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मिंज इतना अधिक नशे में धुत था कि वह एसएसपी व डीएम के सामने कुछ बोल नहीं पा रहा था। एसएसपी राणा ने बताया कि गोलीबारी करने वाले आरक्षी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी राइफल और 18 गोलियां जब्त कर ली गई हैं। डीएम ने कहा नशेड़ी आरक्षी के खिलाफ सख्त करवाई की जायेगी। जेल में सैप के जवानों को तैनात कर दिया गया है। एसएसपी ने दो चक्र गोली चलाये जाने की बात बताई है।
कैसे हुई वारदात ?
पैट्रिक मिंज नशेड़ी है। वह हमेशा नशे की ही हालत में रहता है। जेल प्रशासन उसे लाठी के सहारे ड्यूटी कराता था। परंतु प्रभारी उच्च कक्षपाल नरेन्द्र सिंह की मदद से वह आज राइफल लेकर वॉच टॉवर 7 पर चला गया। नशे की हालत में ड्यूटी देने के कारण नरेन्द्र सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।