संपत्तिविवाद में सगे भाई की गोली मार हत्या
दिनारा (रोहतास)। मिल्की मनिहारी गांव में संपत्तिविवाद को ले मंगलवार को सगे भाई की गोली मार हत्या कर
दिनारा (रोहतास)। मिल्की मनिहारी गांव में संपत्तिविवाद को ले मंगलवार को सगे भाई की गोली मार हत्या कर दी गई। डंडे से पीटकर पिता को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। मृतक 50 वर्षीय हनुमान चौधरी बताया जाता है। वहीं घायल पिता रामनाथ चौधरी को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की तहकीकात शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी देवंती देवी के बयान पर भाई लालबाबु चौधरी समेत चार लोगों को अभियुक्त बनाया गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेद्र कुमार सिंह के अनुसार दर्ज प्राथमिकी में पत्नी ने बताया है कि काफी समय से आपस में संपत्तिविवाद चल रहा था। आज सुबह ससुर रामनाथ चौधरी घर के बगल में प्राथमिक विद्यालय की छत पर सुखाने के लिए धान पसार रहे थे, तभी लालबाबु चौधरी अपने पुत्रों के साथ पिता को डंडे से पीटने लगा। जिसे देख मेरे पति ने इसका विरोध किया। जिस पर लालबाबु कमर से कट्टा निकाल मेरे पति के सीने में सटा गोली मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
वहीं ग्रामीण सूत्रों के अनुसार दोनों भाईयों में कुछ दिनों से भूतप्रेत को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर पूर्व में आपस में मारपीट भी हुई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद से अभियुक्त घर से फरार है। जिनकी गिरफ्तारी हेतु संभावित जगहों पर छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है।