छपरा में दुष्कर्म के बाद छह साल की बच्ची की हत्या
पानापुर के बसहियां गांव में शुक्रवार की देर शाम दुष्कर्म के बाद एक छह वर्षीया बच्ची की हत्या से आक्रोशित लोगों ने शनिवार की सुबह
पानापुर (सारण)। पानापुर के बसहियां गांव में शुक्रवार की देर शाम दुष्कर्म के बाद एक छह वर्षीया बच्ची की हत्या से आक्रोशित लोगों ने शनिवार की सुबह पुलिस जीप फूंक दी। इतना ही नहीं मौके पर पहुंची पुलिस को भी पथराव कर खदेड़ दिया। आक्रोशित लोग एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सोनवर्षा गांव के हीरालाल महतो की छह वर्षीया पुत्री शुक्रवार की शाम लैंप का बत्ती लाने के लिए बाजार जा रही थी। इसी दौरान बसहियां गांव के 25 वर्षीय मुकेश राउत ने उसे अपनी साइकिल पर यह कहकर बैठा लिया कि चलो बाजार छोड़ देते हैं। इसके बाद मुकेश राउत उसे लेकर बसहियां गांव के चंवर में चला गया और दुष्कर्म के बाद चाकू घोंप उसकी हत्या कर शव को ईंख के खेत में फेंक दिया। जब रात तक बच्ची घर नहीं लौटी को परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कुछ लोगों ने बताया कि बसहियां का मुकेश राउत शाम को उसे अपनी साइकिल से लेकर जा रहा था।
शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने मुकेश रातउ को पकड़ लिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ लेकर चली गयी। लोगों के लाख कहने के बावजूद बच्ची का शव खोजने का प्रयास पुलिस नहीं की। पुलिस के जाने के बाद ग्रामीण अपने स्तर से शव की खोज करने लगे। इसी दौरान ईख की खेत में बच्ची का शव मिल गया। शव मिलते ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ग्रामीणों की सूचना के तीन घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इससे लोग आक्रोशित हो गये वहां पहुंची पुलिस से उलझ गये। इस दौरान ग्रामीणों ने पथराव कर पुलिस को खदेड़ दिया तथा थाने की जीप में आग लगा दी। समाचार प्रेषण तक आक्रोशित लोग जाम लगाकर नारेबाजी कर रहे हैं। बच्ची का शव भी घटनास्थल पर ही पड़ा हुआ है। लोग मौके पर एसपी को बुलाने की मांग कर रहे हैं। डीएसपी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हैं। शव को भी लोग पुलिस को उठाने नहीं दे रहे हैं। अब भी वहां स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।