हत्याओं से थर्राया बेगूसराय
बेगूसराय। दीपावली की पूर्व संध्या नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के कुसमहौत बहियार स्थित लड़बड़िया चौड़ में
बेगूसराय। दीपावली की पूर्व संध्या नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के कुसमहौत बहियार स्थित लड़बड़िया चौड़ में गैंगवार में बमबम सहनी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बमबम सहनी चांदपुरा गांव का रहने वाला था। हालांकि पुलिस ने शव को थाना क्षेत्र के चेरिया गांव से कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बमबम सहनी के पुत्र के बयान पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बमबम सहनी खुद आपराधिक प्रवृति का था और उस पर स्थानीय थाना में कई मामले दर्ज थे।
दूसरी ओर दीपावली की रात्रि डंडारी थाना क्षेत्र के बलहा गांव में अपराधियों ने गोली मारकर 20 वर्षीय नीतीश की हत्या कर दी। नीतीश सन्हौली, खगड़िया का रहने वाला था। नीतीश बचपन से ही अपने ननिहाल बलहा में मामा नरेश यादव के यहां रह रहा था। वह दीपावली की रात्रि अपने साथियों के संग मोबाइल पर सिनेमा देख रहा था, कि, उसी समय अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया गया है।