जहानाबाद में घर वालों को बेहोश कर दस लाख की संपत्ति लूटी
मोदनगंज (जहानाबाद)। जयकिशुन बिगहा गांव में गुरुवार की रात हथियारबंद लुटेरों ने एक परिवार के सभी सदस्यों को बेहोश कर दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लूट ली। लुटेरों ने जिन लोगों को बेहोश किया उनमें गृहस्वामी श्रद्धानंद शर्मा उर्फ कुची शर्मा,पटना के धनरुआ थाना के धमौल गांव का रहने वाला दामाद मनोरंजन शर्मा,बेटी पुष्पा कुमारी, नाती ऋतु राज कुमार तथा नतनी चित्रा शामिल हैं। रात तक गांव के लोगों को भी इस घटना की जानकारी नहीं मिली।
शुक्रवार सुबह ग्वाले के आन पर घटना का खुलासा हुआ। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना गांव तथा आसपास के इलाके में फैल गयी। स्थानीय लोगों ने एक ओर जहां स्थानीय पुलिस तथा ओकरी पीएचसी के चिकित्सकों को इसकी जानकारी दी वहीं गांव के लोगों ने ही बेहोश लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद डा.जगदीश शर्मा,एसडीपीओ जयराम शर्मा तथा प्रखंड प्रमुख राजीव कुमार भी वहां पहुंचे। उल्लेखनीय है कि गृहस्वामी श्री शर्मा को बेटा नहीं है। दामाद नौबतपुर में ईट भट्ठा का व्यवसाय करते हैं और डेढ़ दशक से ससुर के घर जयकिशुन बिगहा में ही रहते हैं। गृहस्वामी की बेटी पुष्पा कुमारी प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय ओकरी में शिक्षिका हैं। घर में कैसे और किस समय लुटेरे घुसे इसकी जानकारी इसलिए नहीं मिल पा रही है क्योंकि बेहोश लोगों को अब तक होश नहीं आया है।