छपरा सिविल कोर्ट में गवाह पर बम से हमला
पटना: छपरा सिविल कोर्ट में सीजेएम कोर्ट के बाहर एक गवाह पर बम से हमला किया गया। गवाह एक तीहरे हत्याकांड में गवाही देने आया था। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार तिहरे हत्याकांड के गवाह मंजीत सिंह की शुक्रवार को एडीजे 4 के न्यायालय में गवाही थी। गवाही देने के लिए मंजीत सिंह के साथ कांड के सूचक शशिभूषण सिंह भी साथ में आये हुए थे। शशि भूषण ने इलाज के क्रम में बताया कि वे बोलरो गाड़ी से गवाही देने के लिए छपरा कोर्ट पहुंचे थे। गाड़ी से वे जैसे ही उतरे तभी कोर्ट के छत से उनपर बम फेंका गया। दो बम नीचे गिरा। बम के विस्फोट से उनका पैर जख्मी हो गया और उनके अंगरक्षक जुगेश्वर पासवान भी जख्मी हो गये। आनन फानन में दोनो को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर घटना की सूचना मिलने पर एएसपी सुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष शरतेंदु शरत पुलिस बल के साथ पहुंचें और मामले की छानबीन में जुट गये। पुलिस ने दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव निवासी आरके तिवारी को शक के आधार पर गिरफ्तार किया है। बतातें चले कि छपरा स्थित महाराजगंज के तत्कालीन सांसद स्व. उमाशंकर सिंह के आवास पर एके 47 से हमला कर तीन लोगों की हत्या 20 जुलाई 2011 को कर दी गयी थी। इस मामले में मृतक मणिभूषण सिंह के भाई शशि भूषण सिंह ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इसी मामले में एडीजे चार के न्यायालय में गवाही चल रही है।