औरंगाबाद में पैक्स अध्यक्ष को गोली मारी
औरंगाबाद : रफीगंज थाना मुख्यालय में पैक्स चुनाव को लेकर सोमवार की देर रात जमकर गोलीबारी हुई। अपराधियों ने थाने के पास ही कोटवारा पैक्स अध्यक्ष अमित कुमार उर्फ छोटे सिंह को गोली मार हत्या करने की कोशिश की। पैक्स अध्यक्ष को दो गोलियां लगी हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रफीगंज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अध्यक्ष को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया है। गया से चिकित्सकों ने पटना रेफर किया है। एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल से पिस्टल और दो खोखा बरामद किया गया है। घटना का कारण पैक्स चुनाव को लेकर चल रहा विवाद है। रफीगंज के पूर्व प्रमुख जदयू नेता राजेंद्र कुमार सिंह के पुत्र सोनू सिंह, कोटवारा पैक्स से अध्यक्ष के उम्मीदवार रहे कौआखाप गांव निवासी अक्षय सिंह, उनके पुत्र कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद तीनों को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया है। घायल पैक्स अध्यक्ष छोटू सिंह ने पुलिस को बताया कि मैं रफीगंज थाना के पास स्थित घर पर सोया हुआ था। करीब 12 बजे रात्रि में गांव के ही अक्षय सिंह पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। साथ रहे सोनू सिंह एवं कुंदन कुमार ने गोली मारी है। घटना का कारण पैक्स चुनाव को लेकर चल रहा विवाद है। पिछले पैक्स चुनाव में मैंने अक्षय सिंह को पराजित किया था।