पत्नी का गला रेत पति ने की खुदकुशी की कोशिश
पटना : पारिवारिक कलह के कारण नशेबाज ऑटो ड्राइवर मंटू साव ने शुक्रवार की देर रात पत्नी संजू देवी का गला रेत दिया, फिर खुद का गला काटकर खुदकुशी की कोशिश की। वारदात शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी इलाके के मोहनपुर स्थित विद्यापति लॉज की है। घर से चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़ पड़े। उन्होंने पुलिस को इत्तिला देने के साथ घायल दंपत्ति को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा। दंपत्ति का इलाज चल रहा है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें तीन बेटे राहुल (15), दीपक (10) और रोशन (8) हैं। थाना पुलिस दंपत्ति की हालत ठीक होने का इंतजार कर रही है। बेटों के बयान पर मंटू के विरुद्ध हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया है। इलाकाई लोगों की मानें तो मंटू शराब का लती है। उसकी पत्नी संजू दाई का काम करती है। उसने अपनी जमा पूंजी से मंटू को ऑटो खरीद कर दिया था, लेकिन वह पूरी कमाई शराब में उड़ा देता था। घर की आर्थिक स्थिति तंग होने के कारण संजू बड़े बेटे को एक होटल में काम पर लगा दिया था। मंटू पत्नी की कमाई से जलता था। उसके शक था कि संजू का किसी और मर्द से अवैध संबंध है। मंटू के शक और नशे के कारण घर में रोज झगड़े होते थे। वे सात साल से विद्यापति सिंह के लॉज के दूसरे तल पर किराए पर रह रहे थे। बेटे राहुल ने बताया कि मंटू शाम में नया चाकू लेकर घर आया था। रात 9 बजे खाना खाने के बाद वह पत्नी से झगड़ने लगा। इसके बाद संजू को बॉलकोनी में लेकर गया और मुंह पर हाथ रखकर उसका गला रेत दिया। इसके बाद घर में शोरगुल मच गया। पड़ोसी घर पहुंच गए। सबके आने के बाद मंटू कमरे में चला गया और गला काटने का प्रयास किया। पहली वार करने पर दर्द के कारण उसके हाथ से चाकू गिर गया। उसने हिम्मत जुटा दोबारा चाकू उठाया और अपना गला काट लिया।