पटना में विफल सरकार
सहरसा/मधुबनी/दरभंगा : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। देश की वर्तमान हालत के लिए दिल्ली की यूपीए सरकार को जिम्मेवार ठहराया। कहा कि देश बुरे दौर से गुजर रहा है। दिल्ली में निकम्मी और पटना में विफल सरकार है। वे गुरुवार को सहरसा, मधुबनी और दरभंगा मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। सहरसा में आठ, मधुबनी में करीब पांच मिनट व दरभंगा में बारह मिनट के संक्षिप्त भाषण में मोदी ने कहा कि यूपीए धोखेबाज सरकार है। वर्ष 2009 के चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस ने 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की घोषणा की थी। लेकिन, शिक्षित नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। दिल्ली में मां- बेटे की सरकार है। इन्हें देश की जनता की नहीं अपनी चिंता है। आज दिल्ली में मजबूत सरकार की जरूरत है। अपने भाषण में नमो ने किसानों को भी खूब रिझाया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार केंद्र में आई तो फसल का समर्थन मूल्य बढ़ेगा। नमो ने कहा,विभिन्न चरणों में हुए चुनाव में जनता दो महत्वपूर्ण कार्य कर चुकी है। पहला अब तक के मतदान से यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली की सरकार गई। दूसरा मतदाताओं ने दिल्ली में नई सरकार के लिए नींव डाल दी है। लोगों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि इस नींव को मजबूत करने की जिम्मेदारी आपकी है। आगामी 30 अप्रैल को आपको अपनी जिम्मेदारी को पोलिंग बूथ पर जाकर निभानी होगी। सब काम छोड़कर पहले वोट डालिएगा। हिन्दुस्तान की गाड़ी इतनी गहरी खाई में गिर चुकी है कि उसे निकालने के लिए 300 कमल की जरूरत है। कहा कि अब तक के जीवन में मैथिली जैसी प्यारी व मधुर भाषा सुनने को नहीं मिली थी। आज इस प्यारी व मधुर भाषा मैथिली ने मुझे आप लोगों के साथ दिल से जोड़ दिया है। सरकार गरीबों के लिए होती है। सरकार की तिजोरी पर पहला हक गरीबों का होता है। नरेंद्र मोदी का विशाल मखाना माला पहना स्वागत किया गया। साथ में पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी आए थे। हालांकि उन्होंने सभा को संबोधित नहीं किया।