15 फीट गड्ढे में गिरा ढाई साल का बच्चा
पटना : राजधानी के कृष्णा निकेतन स्कूल के सामने वाली गली में सोमवार की शाम पाइलिंग के लिए खोदे गए 15 फीट गहरे गड्डे में ढाई साल का एक बच्चा अंकित गिर गया। घटना के लोगों व पुलिस-प्रशासन ने तीन घंटे तक अथक प्रयास कर अंकित को सकुशल निकाल लिया। एक निजी कंपनी में काम करने वाले विजय कुमार पत्नी सविता, बेटी मुस्कान और बेटे अनीश व अंकित के साथ मोहनपुर कछुआरा स्थित स्व. राजकुमार के मकान में किराए पर रहते हैं। शाम में सभी बच्चों की तरह घर के बाहर खाली मैदान में अंकित भी भाई बहन के साथ खेल रहा था। शाम करीब 4.30 बजे आइसक्रीम ठेले वाला पहुंचा। अंकित और बच्चों ने आइसक्रीम ली और दौड़कर घर की ओर भागने लगे। इसी बीच अंकित का पांव पीलर ढालने के लिए खुदे गढ्ढे में पड़ गया और वह 15 फीट नीचे चला गया। इसके बाद चार साल का एक और बच्चा गढ्ढे में फंस गया। गढ्ढे की गोलाई एक फीट थी। उस बच्चे के चिल्लाते ही स्थानीय सुनील कुमार वहां पहुंचा और बच्चे को निकाल लिया। तब उसे जानकारी हुई कि अंकित अंदर चला गया है। मुस्कान और अनीश ने घर जाकर मां को सारी बात बताई। तब तक गढ्ढे के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग अंकित को बाहर निकालने की कोशिश करने में जुट गए। मौके से गुजर रहे आशोपुर निवासी राकेश उर्फ वकील की नजर भीड़ पर पड़ी। जानकारी होते ही वह जीरो माइल स्थित पुलिस चौकी पहुंचा और घटना की सूचना दी। इसके बाद सदर डीएसपी मो. मुत्ताफिक अहमद, सदर एसडीओ पंकज दीक्षित, थानाध्यक्ष एके अकेला दलबल के साथ पहुंचे। तीन जेसीबी मशीन और दो एंबुलेंस बुलाई गई। जेसीबी मशीन से उस गढ्ढे के बगल में बड़ा गढ्ढा खोदा गया। इसके बाद नीचे से सुरंग बना अंकित को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकालने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे स्वस्थ बताया।