नेहरू परिवार के नाम पर चल रहीं योजनाओं की होगी समीक्षा
पटना : भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वेंकैया नायडू के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से नाता तोड़कर भयंकर गलती की। उनके इस गलत फैसले का भाजपा को बिहार में लाभ मिल रहा है। पहली बार पिछड़ा वर्ग का कोई व्यक्ति (नरेंद्र मोदी) देश का प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया-'बेहतर होगा वह हम पर अंगुली न उठाए। व्यक्ति पूजा तो खुद कांग्रेस करती रही है। नेहरू परिवार के सदस्यों के नाम पर करीब 650 योजनाएं चल रही हैं। हम सत्ता में आने पर इन योजनाओं की समीक्षा करेंगे।' तीसरे चरण की सीटों पर अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार को आए नायडू ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे संपूर्ण भारत में भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। बोले-हम देश में सुशासन और विकास चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस गंभीर मुद्दों से भाग रही है। हमारे ऊपर आरोप लगाने वाली कांग्रेस बताए कि सरदार बल्लभ भाई पटेल, जयप्रकाश नारायण, डा. राजेंद्र प्रसाद, मदन मोहन मालवीय, मोरारजी भाई देसाई जैसे नेताओं के साथ उसका कैसा व्यवहार रहा? वह क्यों सिर्फ नेहरू परिवार पर केंद्रित है? कांग्रेस बताए कि पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंहाराव के शव को पांच मिनट के लिए भी एआइसीसी दफ्तर लाने की इजाजत क्यों नहीं दी गई? सीताराम केसरी, एसएम कृष्णा, सीके जाफर शरीफ जैसे नेताओं को एक झटके में कुर्सी से हटा दिया गया।