औरंगाबाद में छत गिरने से सात लड़कियों की मौत
औरंगाबाद : हसपुरा थाने के टनकुपी गांव में शुक्रवार दोपहर शादी समारोह के दौरान छत गिरने से सात बच्चों की मौत हो गई। मरने वालों में राजेंद्र पासवान की पुत्री गीता कुमारी (18), जयनंदन पासवान की पुत्री बेबी (14), रवीन्द्र दास की पुत्री संजू (7), विजय पासवान की पुत्री सिम्मी कुमारी (10), रामस्वरूप प्रसाद की पुत्री अंजू कुमारी (15), अवध पासवान की पुत्री अंजली कुमारी (7) एवं भीखम पासवान की 18 वर्षीया पुत्री अनिता कुमारी हैं। दुर्घटना में आठ बच्चे समेत दस ग्रामीण भी घायल हो गए। घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल हसपुरा में किया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल पांच ग्रामीणों को बेहतर इलाज हेतु बाहर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार विजय पासवान के घर छेका चल रहा था ग्रामीणों एवं बच्चों की भीड़ लगी थी। समारोह के दौरान ही अचानक छत गिर गई।
डीएम एवं जदयू नेता प्रमोद चंद्रवंशी ने बताया कि मृतक के परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए मुआवजा एवं घायलों का अस्पताल में मुफ्त इलाज कराया जाएगा। इस दुर्घटना में 65 वर्षीय ग्रामीण राजाराम पासवान, सुनिता कुमारी, बबिता देवी, अनूप लाल, प्रियंका कुमारी, संजू कुमारी, नागवंती कुमारी, संगीता, पुष्पा एवं बेलवंती कुमारी घायल हुए हैं।