मशाल लेकर सड़क पर उतरे अभियंता
पटना : बिहार अभियंत्रण सेवा संवर्ग के अभियंता गुरुवार को मशाल लेकर सड़क पर निकले। गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहे तक मशाल जुलूस गया। इसमें राज्यभर से सहायक अभियंता से लेकर अभियंता प्रमुख तक शामिल हुए। सेवानिवृत्त अभियंताओं ने भी बढ़चढ़कर भाग लिया।
मशाल जुलूस निकालने के पूर्व जेपी गोबंलर पर आयोजित संकल्प सभा में अभियंताओं ने बिहार को विकसित राज्य बनाने तथा अभियंत्रण सेवा की मर्यादा को बरकरार रखने और अपनी मांगों की पूर्ति तक संघर्ष करने का संकल्प लिया। अभियंत्रण संवर्ग के अभियंताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल 9वें दिन भी जारी रही।
मशाल जुलूस का नेतृत्व बिहार अभियंत्रण सेवा संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा और महासचिव राजेश्वर मिश्र ने ने किया। मशाल जुलूस में मुख्य रूप से अभियंता केएन लाल, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, रविशंकर प्रसाद सिन्हा, एसएनपी सिंह, महानंद सिन्हा, खुर्शीद हसन के साथ बड़ी संख्या में अभियंताओं ने भाग लिया। महासचिव राजेश्वर मिश्र ने कहा कि मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हस्तक्षेप करें अन्यथा मांगे माने जाने तक हड़ताल जारी रहेगी। अभियंता विकास कार्य में बाधक नहीं बनना चाहते हैं लेकिन मांगों की पूर्ति होने के बाद ही हड़ताल वापस होगी। उन्होंने कहा कि हड़ताल के चलते विकास कार्य बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर