सौ करोड़ कर रहे मोबाइल का इस्तेमाल : रविशंकर प्रसाद
केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने केंद्र में भाजपा सरकार के गठन का पूरा श्रेय देश के युवाओं को दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की बदौलत ही भाजपा की देश के पैंतालीस फीसद हिस्से पर सरकार है।
पटना। केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने केंद्र में भाजपा सरकार के गठन का पूरा श्रेय देश के युवाओं को दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की बदौलत ही भाजपा की देश के पैंतालीस फीसद हिस्से पर सरकार है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के आवास पर आहूत भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की।
अपने संबोधन में रविशंकर प्रसाद ने नीतीश पर निशाना भी साधा। कहा, देश प्रगति की राह पर है। वहीं नीतीश कुमार हताशा में अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजीटल इंडिया का सपना देखा है। आज देश की 125 करोड़ जनता में से 100 करोड़ मोबाइल इस्तेमाल कर रहे हैं। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए कृत संकल्पित है। कौशल विकास, मेक इन इंडिया, सेल्फ इम्प्लायमेंट एण्ड टैलेन्ट यूटिलाइजेशन आदि के माध्यम से लाखों युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। सिंह ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार बिहार के युवाओं किसानों के हित में काम कर रही है वहीं राज्य सरकार किसानों को अभी तक उनके धान का पैसा तक नहीं दे पायी है।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव ने भी केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय ने केंद्र सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं नेता प्रतिपक्ष नन्द किशोर यादव ने राज्य सरकार की नाकामियो को रेखांकित किया।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, प्रदेश महामंत्री डा. संजीव चौरसिया ने भी अपने विचार प्रकट किये। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राजेश वर्मा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से चर्चा की।
बैठक का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अतुल कुमार एवं संजय गुप्ता ने किया। बैठक को सांसद आरके सिन्हा, सह संगठन मंत्री शिवनारायण, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री नितिन नवीन, प्रदेश उपाध्यक्ष साकेत सिंह, रूप नारायण मेहता, दुर्गेश सिंह व अनामिका सिंह ने भी संबोधित किया।