कर्ज चुकाने को स्टाफ ने रचा था लूट का नाटक
नवादा। लूट की प्राथमिकी दर्ज कराने वाले कलेक्शन सेंटर के कर्मी निशांत कुमार के कादिरगंज
नवादा। लूट की प्राथमिकी दर्ज कराने वाले कलेक्शन सेंटर के कर्मी निशांत कुमार के कादिरगंज स्थित घर से ही पुलिस ने रूपया बरामद कर लिया है। हालांकि 64 हजार 500 रुपये ही बरामद किए जा सके हैं, जबकि 1 लाख 64 हजार 503 रुपये लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार दास ने रविवार को नगर थाना में प्रेस वार्ता कर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एलआईसी डीओ केपी मगहिया के कलेक्शन सेंटर से रुपये गायब करने के बाद स्टाफ निशांत ने ही लूट की झूठी कहानी रची थी। उसने अपना कर्ज चुकाने के लिए रुपया गायब किया था। निशांत नंदन बैंक से 30 हजार, उत्कर्ष फायनांस से 30 हजार, वेदिका फायनांस से 20 हजार और शेयर फायनांस से 15 हजार रुपये कर्ज लिया था। लेकिन वह रुपयों को लौटा नहीं पा रहा था। कर्ज चुकाने के लिए वह प्रतिदिन के कलेक्शन से रुपये को गायब कर रहा था। इस तरह करीब छह महीने में उसने करीब एक लाख रुपये गायब किया था। जबकि 64 हजार 500 रुपया उसने शनिवार को गायब करने के बाद लूट की कहानी गढ़ दी। ताकि किसी को इसकी भनक नहीं लगे। उन्होंने बताया कि लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्टाफ से पूछताछ शुरु कर दी। लेकिन वह लगातार भ्रामक जानकारी दे रहा था। तब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सारा राज उगल दिया। इसके बाद शनिवार को गायब किया गया 64 हजार 500 रुपया उसके घर से बरामद कर लिया गया। जबकि शेष एक लाख रुपये वह कर्ज लेने वालों को पूर्व में दे चुका था। मौके पर नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार भी उपस्थित थे।