सड़क हादसे में मृत सैप जवान को दी श्रद्धांजलि
सड़क हादसे में मृत सैप जवान महेश कुमार ठाकुर को शनिवार को पुलिस लाइन में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
नवादा। सड़क हादसे में मृत सैप जवान महेश कुमार ठाकुर को शनिवार को पुलिस लाइन में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। एसपी विकास बर्मन ने जवान के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण किया। साथ ही मृतक के परिजनों को सहायतार्थ राशि भी उपलब्ध कराई। एसपी ने जवान के असमायिक मौत पर गहरा दुख प्रकट किया। श्रद्धांजलि सभा के बाद परिजन शव को अपने साथ मुजफ्फरपुर जिला के पियरी थाना के सकरी चांदपुरा गांव लेते गए। जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। उपस्थित लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। इधर, कादिरगंज थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि रात्रि गश्ती पर रहे एसआइ कृष्णा यादव के बयान पर अज्ञात बोलेरो चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि सैप जवान स्व. ठाकुर पुलिस बल के साथ गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस जीप माया बिगहा गांव के पास रुकी तो वे गाड़ी से नीचे उतर गए। इसी बीच अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें रौंद डाला। सदर अस्पताल लाने के क्रम में बीच रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सार्जेंट मेजर रमेश कुमार साव सहित कई पुलिस पदाधिकारी व जवान उपस्थित थे।