जनता दरबार में फरियादियों ने लगाई गुहार
नवादा। समाहरणालय में गुरुवार को साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत डीएम-एसपी का जनता दरबार का अ
नवादा। समाहरणालय में गुरुवार को साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत डीएम-एसपी का जनता दरबार का आयोजन हुआ। डीएम के जनता दरबार में डीडीसी एसएम कैसर सुल्तान ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। वहीं एसपी के जनता दरबार में पुलिस पदाधिकारी के समक्ष लोगों ने गुहार लगाई। डीएम-एसपी चुनावी कार्यों में व्यस्तता के चलते जनता दरबार में उपस्थित नहीं हो सके। डीएम के जनता दरबार में नारदीगंज प्रखंड के कुझा गांव से पहुंचे प्रताप चौहान, संजीव चौधरी, धीरो चौहान, श्रवण चौधरी आदि ने बताया कि वे सभी छात्र हैं और पढ़ाई करते हैं। पंचायत चुनाव के मद्देनजर पहली बार उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है, जो सरासर गलत है। उन्होंने निरोधात्मक कार्रवाई से नाम हटाने की गुहार लगाई। रजौली प्रखंड के अमावां गांव की शोभा देवी ने परिवार द्वारा प्रताड़ित किये जाने और घर से बाहर निकाल दिये जाने की शिकायत दर्ज कराई। चितरघटी के टोला उमरावं बिगहा के सुधीर कुमार, शीला देवी, अरविन्द कुमार आदि ग्रामीणों ने शिकायत किया कि भूमि अधिग्रहण किया गया है, जिसका मुआवजा 2011 के अनुसार प्रति डिसमिल 27000 है, नियमानुसार भुगतान इसके चार गुणा करना है। परन्तु 6400 रूपए प्रति डिसमिल के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है जो उचित नहीं है। इसके अलावा जनता दरबार में पेंशन, इंदिरा आवास, आंगनबाड़ी, जमीनी विवाद से जुड़े कई मामले आए। दूसरी ओर एसपी के जनता दरबार में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी, कांड का अनुसंधान आदि को लेकर शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा फरियादियों को दिलाया।