तमसा नदी पर पुल निर्माण कार्य प्रारंभ
गया-हिसुआ राष्ट्रीय उच्च पथ 82 पर तमसा नदी पर दो पुलों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।
नवादा। गया-हिसुआ राष्ट्रीय उच्च पथ 82 पर तमसा नदी पर दो पुलों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। निर्माण कार्य दो वर्ष के भीतर पूरा किया जाना है। कंपनी द्वारा गया से बिहारशरीफ तक के विभिन्न पुल-पुलिया निर्माण का टेंडर लिया गया है। कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर अमित कुमार एवं कल्याण जी ने बताया कि तीन वर्ष में तैयार करने का एकरानामा है, लेकिन हमारा प्रोजेक्ट इसे छ: माह पूर्व तैयार कर सौंप देगा। पुल का निर्माण कार्य दो वर्ष के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य के मुंशी फिरोज बताते हैं कि शुक्रवार से निर्माण कार्य शुरू हुआ है। बरसात के पूर्व ही सभी पाए को खड़ा करना है। उन्होंने कहा अत्याधुनिक साधन और संसाधन का प्रयोग इस निर्माण कार्य में होगा। यहां फोरलेन होने के कारण दो पुल का निर्माण होगा जिसमें पैदल चलने के लिए भी लेन अलग से बनाया जाएगा। एक पुल में 7 पाया के हिसाब से कुल 14 पाया का निर्माण होगा। हर पाए के लिए 6 -6 पिलर तैयार किए जा रहे हैं।
पर्यटकों को हो रही थी परेशानी
गया और बोधगया से राजगीर ,कुण्डलपुर एवं नालंदा जैसे विश्व विख्यात बौद्ध एवं महावीर दार्शनिक स्थल जाने वाले लोगों खासकर विदेशी पर्यटकों को काफी परेशानी हो रही थी। एनएच 82 पर बना पुराना पुल कई वर्षो से क्षतिग्रस्त था। जिसपर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा था। पुल के नीचे से डायवर्सन बनाया गया था जो प्रति वर्ष बरसात के मौसम में ध्वस्त हो जाता था जिससे आवागमन अवरुद्ध हो जाता था व पर्यटकों सहित आम लोगों को परेशानी होती थी।