वनागार कर्मियों को 11 माह से नहीं मिला वेतन
रजौली प्रखंड के वनागार में कार्यरत केन्द्रीय वनागार कर्मियों को 11 माह से वेतन नहीं मिला है।
नवादा। रजौली प्रखंड के वनागार में कार्यरत केन्द्रीय वनागार कर्मियों को 11 माह से वेतन नहीं मिला है। जिससे कर्मियों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छ: माह पूर्व वनागार कर्मियों की संख्या आठ थी। लेकिन वर्तमान वनों के क्षेत्र पदाधिकारी अभय कुमार के समय में इसकी संख्या घटाकर चार कर दी गई है। इन चार कर्मियों का वेतन भी पदाधिकारियों के द्वारा बंद कर दिया गया है। जिससे इन कर्मियों को जीवन यापन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वन विभाग में कर्मियों की कमी पहले से ही विभाग के कार्यों को प्रभावित कर रही थी। जैसे पौधरोपन, जंगलों में हो रही अवैध कटाई पर भी रोकथाम कर्मियों कि कमी के कारण नहीं हो पा रहा था। इस संबंध में वनों के क्षेत्र पदाधिकारी अभय कुमार ने बताया कि हमारे पास कर्मियों के कमी है, जिससे जंगल में हो रहे अवैध पेड़ों की कटाई व अवैध माइका उत्खनन को रोकने में असमर्थ हूं। वन विभाग में रात्रि प्रहरी व मुंसी जो भी हैं वे सभी दैनिक वेतन भोगी हैं। इनका पैसा नहीं आया है। आवंटन आएगा तो मेहनताना दे दिया जाएगा।