एबीवीपी ने छात्रों की समस्या की संग्रह
कॉलेजों में गिरती शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन के तहत एबीवीपी के द्वारा सोमवार से छात्र-छात्राओं की समस्या संग्रह का कार्यक्रम आरंभ किया गया है।
बेगूसराय। कॉलेजों में गिरती शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन के तहत एबीवीपी के द्वारा सोमवार से छात्र-छात्राओं की समस्या संग्रह का कार्यक्रम आरंभ किया गया है। इसकी शुरुआत जीडी कॉलेज से की गई है।
जानकारी के अनुसार कॉलेज अध्यक्ष रामप्रकाश कुमार के नेतृत्व में एबीवीपी के नेताओं द्वारा जीडी कॉलेज के मुख्यद्वार के समीप एक कैंप लगाया गया था। जहां पर विद्यार्थी आकर अपनी-अपनी समस्याओं को एक रजिस्टर में अंकित कर रहे थे। समस्या संग्रह के उपरांत एबीवीपी कार्यकर्ताओं की एक सभा भी आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि पूरे बिहार में शिक्षा में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, सभी कॉलेज में भ्रष्टाचार एवं अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय के छात्रों के साथ भेदभाव किया जा रहा है, जबरन विश्वविद्यालय उपकेन्द्र के बदले विस्तार केंद्र खोला गया, जिससे छात्रों को कोई फायदा नहीं मिल रहा है। अधिकतर छात्रों ने बताया कि विस्तार केंद्र हमेशा बंद रहता है।
उन्होंने कहा कि नगर विधायक एवं कॉलेज के प्राचार्य ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए रातोंरात विस्तार केंद्र खोल दिया। कालेज के प्राचार्य विगत कई दिनों से कॉलेज नहीं आ रहे हैं। नगर सह मंत्री आजाद कुमार व पुरुषोत्तम प्यारे ने कहा कि प्राचार्य के नहीं रहने के कारण छात्रों की समस्या को सुनने वाला कोई नहीं है। एक भी वर्ग नहीं हो रहा है, बहुत से विभाग बिन शिक्षकों के चल रहे हैं, कालेज अब सिर्फ नामांकन एवं परीक्षा केन्द्र बनकर रह गया है। खेलकूद की सुविधा नहीं मिल रही है, कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी समय पर कालेज नहीं आ रहे हैं। कालेज में पानी की व्यवस्था नहीं है, शौचालय बंद पड़े हैं। कॉलेज अध्यक्ष रामप्रकाश कुमार ने कहा कि कालेज में असामाजिक तत्वों का बोलबाला है, अक्सर कालेज के छात्रों के साथ मारपीट की जाती है। छात्राओं के साथ छेड़खानी की जाती है, पुरी तरह से शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गया है। उन्होंने कहा कि आज सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक समस्या को लिख कर दिया है, सभी समस्या को संग्रह कर कालेज के प्राचार्य को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इस अवसर पर नगर सह मंत्री सोनू कुमार, राज कुमार, राजा, दीपक शर्मा, रामप्रकाश कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी घनश्याम देव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।