फोटो-छत पर सोई दो नाबालिग बहनें गायब
रात में घर की छत पर मां के साथ सोई दो सगी बहनें रहस्यमय तरीके से गायब हो गई।
नवादा। रात में घर की छत पर मां के साथ सोई दो सगी बहनें रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। घटना शनिवार की रात हिसुआ थानाक्षेत्र के मनमा ग्राम में हुई। खोजबीन के बाद भी दोनों का अतापता नहीं चलने पर रविवार को मां थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गायब बच्चियों की मां सोनी देवी ने हिसुआ थाना में मामला दर्ज कराते हुए कहा कि पति संजय प्रसाद बाहर दूसरे राज्य में काम करते हैं। शनिवार की रात दोनों बेटियों को साथ लेकर घर के छत पर सोई थी। सुबह चार बजे नींद खुली तो दोनों बच्चियां खुशबू कुमारी उम्र 15 वर्ष और स्वीटी कुमारी उम्र 11 वर्ष गायब मिली। दोनों को गायब देख लगा शौच के लिए गई होगी। लेकिन इंतजार के बाद भी दोनों नहीं लौटी। भोर होने पर नाते-रिश्तेदारों के पास फोन कर पता किया तो कहीं कुछ भी पता नहीं चला। तब शिकायत दर्ज कराने हिसुआ थाना पहुंची। दोनों बेटियों के अचानक गायब होने से मां काफी परेशान दिखी। वह बच्चियों के साथ कुछ गलत न हो जाए यह सोचकर भयभीत थी। मां सोनी देवी ने बताया कि बच्चियां कभी घर से बाहर नहीं गई है और दोनों को कहीं देखा हुआ भी नहीं है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा बच्चियों की गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फोटो और अन्य जानकारियों के आधार पर तलाशी शुरू कर दी गई है।