घर लौट रही थी महिला, अपराधियों ने बगीचे में खींचकर किया दुष्कर्म
नवादा जिले में दुष्कर्म की वारदात काफी बढ़ गई है। अपराधियों ने घर लौट रही महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। लूट-पाट भी की।
नवादा [जेएनएन]। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समाय गांव से थोड़ी दूर एक बगीचा के समीप शुक्रवार की शाम एक महिला के साथ सामुहिक दुष्कर्म किया गया। दो युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गई और अपराधियों ने उसके पास रहे रुपये भी छीन लिया।वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकले।
महिला अपने घर पहुंच कर परिजनों को घटना की सूचना दी। इस क्रम में उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई। तब शनिवार को उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया। इस बाबत महिला थाना में तीन अज्ञात युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पीडि़ता ने बताया कि वह अपने बेटे को बस पर चढ़ाने के लिए राजमार्ग 31 पर ओढऩपुर बाइपास पहुंची थी। वहां से घर लौटने के क्रम में बगीचा के समीप तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरु कर दी।
यह भी पढ़ें: वित्त रहित शिक्षकों का प्रदर्शन, मुंडन करवा कर जताया विरोध
तीनों युवक मुंह पर गमछा लपेटे हुए थे। जिसके कारण उनकी पहचान नहीं कर सकी। इसी क्रम में दो युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और पास में रहा करीब 500 रुपये छीनकर फरार हो गया। घर पहुंचने पर उसकी तबीयत बिगड़ गई तो उसे सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया।
घटना की सूचना पाकर सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय सदर अस्पताल पहुंचे और पीडि़ता से घटना की जानकारी ली। महिला थानाध्यक्ष कुमारी बबीता रानी ने पीडि़ता से बयान लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दुष्कर्मियों की पहचान की जा रही है।
बता दें कि 13 मार्च से अबतक जिले में दुष्कर्म की यह चौथी घटना है। इसके पूर्व तीन किशोरी दुष्कर्मियों का शिकार हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: सड़क निर्माण योजना विवाद में हत्या, ग्रामीणों ने हत्यारे को भी मार डाला