रिवाल्वर की नोक पर बदमाशों ने युवक को लूटा
हिसुआ बाजार में शुक्रवार की सुबह रिवाल्वर की नोक पर एक युवक को लूट लिया गया।
नवादा। हिसुआ बाजार में शुक्रवार की सुबह रिवाल्वर की नोक पर एक युवक को लूट लिया गया। फिल्मी अंदाज में घटना को अंजाम दिया गया। बात फैली तो पुलिस के होश उड़ गए। वजह घटना थाने से कुछ दूरी पर ही अंजाम दिया गया था।
क्या है मामला :
थाना क्षेत्र के जयश्री बिगहा निवासी महेश प्रसाद यादव का पुत्र संतोष कुमार यादव बेंगलुरु से अपने गांव लौट रहा था। ट्रेन से तिलैया स्टेशन उतरने के बाद रिक्शा से हिसुआ के राजगीर रोड स्थित बस स्टैंड पहुंचा। वह वहां गांव जाने वाली वाहन का इंतजार करने लगा। इसी क्रम में एक सफेद रंग की मारुति वैन आकर रुकी। वाहन में सवार तीन लोगों ने उसे उसके पिता का जान-पहचान का बताकर विश्वास में लिया। फिर उसे उसके गांव जयश्री बिगहा तक पहुंचाने की बात कही। उक्त लोगों पर भरोसा कर युवक वाहन पर सवार हो गया। करीब सौ मीटर आगे चलकर चालक ने वाहन को पांचू उर्दू मखतब वाली गली में मोड़ दिया। युवक को शक हुआ तो उसने कहा कि हमलोग गलत दिशा में जा रहे हैं। तब ड्राइवर ने बताया कि मालिक को बता देते हैं कि जयश्री बिगहा जाना है। जैसे ही वाहन मखतब के पास पहुंची तीनों लुटेरे ने रिवाल्वर निकालकर युवक के सर में सटा दिया और पास रहे 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल और कपड़ा रखा अटैची लूट लिया। लूट के बाद उसे धक्का देकर वाहन से गिरा दिया और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पूर्व में भी इस स्थान पर हुई थी लूट :
दस दिन पहले भी कैथिर निवासी दिनेश प्रसाद के भाई को भी इसी स्थान पर इसी अंदाज में लूट लिया गया था। हालांकि इस घटना के बाद ज्यादा हो हल्ला नहीं होने पर। बदमाशों का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने दूसरी घटना को अंजाम दिया। इसके पूर्व बुधवार की रात लुटेरों ने तिलैया पुल के पास सड़क अवरूद्ध कर कई वाहनों में लूटपाट किया था। लगातार लूटपाट की घटना से लोग दहशतजदा हैं। खुफिया व पुलिसिया तंत्र की विफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लूट के एक घंटा बीत जाने के बाद भी पुलिस को न ही भनक नहीं मिल सकी और न ही पहुंच पाई। वह भी तब जब घटना थाने से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर घटी।