सावधान : तापमान का टूट सकता है रिकॉर्ड, पारा होगा 45 डिग्री
नवादा। आप सावधान हो जाएं। बैशाख में गर्मी का पूर्व का सारा रिकॉर्ड टूटना तय है। मंगलवार क
नवादा। आप सावधान हो जाएं। बैशाख में गर्मी का पूर्व का सारा रिकॉर्ड टूटना तय है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 तो न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लू का चलना जारी रहा तो बुधवार को रिकॉर्ड टूटने की संभावना है और यह बढ़कर अधिकतम 45 व न्यूनतम 26 डिग्री पहुंचने की संभावना है। वैसे शुक्रवार तक तापमान 45 पर रहेगा तथा शनिवार को इसमें कमी आने की संभावना है। अगर ऐसा हुआ तो जिले में गर्मी के सारे रिकार्ड ध्वस्त हो जाएंगे। फिलहाल आपको सावधान रहने की आवश्यकता है।
मंगलवार को भी जिले में लू का कहर जारी रहा। वैसे तापमान में प्रतिदिन उतार चढ़ाव का दौर जारी है। लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। तापमान के बढ़ने से सुबह आठ बजते ही तीखी धूप का तेवर दोपहर होते होते इतना उग्र हो जाता है कि प्रमुख बाजारों में चहल पहल समाप्त हो जाती है। लू के थपेड़ों के कारण लोग अपने घरों व सरकारी कर्मी अपने कार्यालयों में चिपके रहते हैं। शाम के समय बाहर निकलने का प्रयास करते हैं तो गर्म हवा के थपेड़ों से परेशान हो जाते हैं। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण अब दिन के समय लोगों के काम करने की क्षमता भी घटने लगी है। नमी की अगर बातें की जाए तो मंगलवार की सुबह 22 प्रतिशत व शाम में 22 प्रतिशत दर्ज की गयी। बहरहाल बुधवार से लगातार तीन दिनों तक तापमान 45 डिग्री पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए आपको सावधान रहने की आवश्यकता है।