अस्पताल की कुव्यवस्था पर भड़कीं जिप अध्यक्ष
जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुमारी ने सोमवार को रजौली अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया।
नवादा। जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुमारी ने सोमवार को रजौली अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी वार्डो का जायजा लिया। इस क्रम में अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की दयनीय स्थिति और कुव्यवस्था को देखकर काफी नाराज हुई और उपस्थित कर्मियों को फटकार लगाई। जिप अध्यक्ष सुबह दस बजे से अस्पताल पहुंच गई थी, लेकिन उस समय उपाधीक्षक नजर नहीं आए। करीब दो घंटे बाद उपाधीक्षक डॉ. एनके चौधरी अस्पताल पहुंचे। अध्यक्ष ने अस्पताल में फैली गंदगी से काफी नाराज हुई। उन्होंने नियमित साफ-सफाई नहीं होने पर कई सवाल दागे। जिप अध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस बाबत डीएम व सिविल सर्जन को जानकारी दी जाएगी। निरीक्षण के क्रम में अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि संवेदक की लापरवाही के कारण समुचित साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। वहीं अस्पताल में चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की काफी कमी है। जिसके वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पदस्थापित चिकित्सकों को 24 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही है। एक चिकित्सक डॉ. रंजन कुमार बगैर सूचना दिए एक सप्ताह से अनुपस्थित हैं। उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई है।