नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले RJD विधायक राजबल्लभ को तलाश रही पुलिस
15 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में फंस गए हैं। छात्रा ने विधायक और उनके कार्यालयनुमा आवास की पहचान कर ली है, इसके बाद राज बल्लभ गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए हैं जबकि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
नालंदा। राबड़ी देवी सरकार में मंत्री रह चुके नवादा के 53 वर्षीय राजद विधायक राज बल्लभ यादव नालंदा की एक 15 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में फंस गए हैं।
छात्रा ने विधायक और उनके कार्यालयनुमा आवास की पहचान कर ली है, इसके बाद राज बल्लभ गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए हैं जबकि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
बिहारशरीफ में इसकी पुष्टि डीआइजी शालीन ने की है। शनिवार को डीआइजी ने पुलिस अनुसंधान और पीडि़ता के बयान के बाद विधायक राजबल्लभ यादव की गिरफ्तारी का आदेश दे दिया है।
6 फरवरी को नालंदा में एक महिला के माध्यम से नाबालिग को विधायक ने अपने पास बुलाया था। महिला के माध्यम से विधायक तक पहुंची नाबालिग लड़की के साथ अधेड़ उम्र के विधायक राजबल्लभ ने रेप किया। राजद के विधायक की छवि काफी दबंग रही है वो पूर्व में भी कई मामलों में विवादों में रह चुके है। रेप के मामले में विधायक की गिरफ्तारी के आदेश के बाद एक बार फिर से सूबे की सियासत गरमा गई है।
डीआइजी ने बताया कि छात्रा अपने बयान पर कायम है। उसने विधायक और उनके आवास की पहचान कर ली है। छात्रा का कोर्ट में भी बयान दर्ज करा दिया गया है। विधायक फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी में पुलिस जुट गई है। वे मोबाइल भी नहीं उठा रहे हैं। जबकि छात्रा को विधायक तक ले जाने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है मामला
घटना छह फरवरी की रात की है। बिहारशरीफ के धनेश्वर घाट मोहल्ले में किराए पर रहने वाली छात्रा की पड़ोसी सुलेखा देवी बर्थडे पार्टी में ले जाने के बहाने उसे बस से बख्तियारपुर ले गई। इसके बाद योजना के अनुसार वहां पूर्व से खड़ी एक बोलेरो में छात्रा को बैठाकर उसे विधायक के ठिकाने पर ले गई।
30 हजार रुपये लेकर छात्रा को विधायक के हवाले कर दिया। विधायक ने पूरी रात उसे पोर्न मूवी दिखाकर उसका यौनशोषण किया। छात्रा के अनुसार वह गिड़गिड़ाती रही, पर विधायक उसे धमकी देकर जबर्दस्ती करते रहे। दूसरे दिन सुबह सुलेखा पहुंची और जान की धमकी देते हुए उसे घर पहुंचा दिया।
पुलिस के अनुसार घटना के तीन दिन बाद पीडि़ता ने नौ फरवरी को बिहारशरीफ महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में उसने सुलेखा और विधायक को आरोपित किया था। पीड़िता ने बयान में इस बात का भी जिक्र किया था कि वह फोटो देखकर दुष्कर्मी की पहचान कर सकती है।
पढें- नाबालिग को पोर्न वीडियो दिखा 'नेताजी' ने रातभर किया रेप, MMS भी बनाया
छात्रा के बयान के आधार पर महिला थाने की पुलिस छानबीन में जुट गई थी। इस दौरान पीडि़ता को लेकर पुलिस ने नवादा व गिरियक में विधायक के कई ठिकानों की पहचान कराई थी। विधायक के घर के आसपास छात्रा को पुलिस गुप्त रूप से पहचान कराने ले गई थी। वहां छात्रा ने विधायक की फोटो देखकर पहचान कर ली।
विधायक की इस मामले में संलिप्तता की बात सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। छात्रा को विधायक के पास पहुंचाने वाली शातिर महिला सुलेखा देवी को उसके पति के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, नवादा में राजद विधायक राजबल्लभ प्रसाद की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी शुरू कर दी गई है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पथरा इंग्लिश स्थित विधायक के निजी आवास पर छापेमारी की गई। नवादा व नालंदा पुलिस ने संयुक्त रुप से चार घंटे तक कार्रवाई की। गिरफ्तारी के भय से विधायक भूमिगत हो गए हैं। उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल से संपर्क किया लेकिन विधायक से बात नहीं हो सकी।