सैफ खेल को चयनित खुशबू हुई सम्मानित
नवादा। साउथ एशियन फेडरेशन और महाराष्ट्र सुपरलीग के लिए सूबे से चयनित एकमात्र हैंडबाल
नवादा। साउथ एशियन फेडरेशन और महाराष्ट्र सुपरलीग के लिए सूबे से चयनित एकमात्र हैंडबाल खिलाड़ी खुशबू कुमारी को शनिवार को अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया गया। डीएम मनोज कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में खुशबू को माला पहनाकर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सैफ और महाराष्ट्र सुपरलीग में खुशबू का चयन होने के बाद जिले का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी। मौके पर एडीएम महर्षि राम, सदर एसडीएम राजेश कुमार, जिला हैंडबाल संघ के अध्यक्ष डा. अनुज कुमार, सचिव आरपी साहु, अलखदेव यादव, श्रवण बरनवाल, शिवकुमार प्रसाद, अनिल कुमार, लालू शंकर, अफसर नवाब आदि उपस्थित थे। दूसरी ओर, गोवर्द्धन मंदिर परिसर में विधायक व पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद ने भी खुशबू को माला पहना कर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि खुशबू की जमकर प्रशंसा की। कहा कि जिले ही नहीं बल्कि पूरे सूबे का नाम रोशन करने का काम किया है। उन्होंने अपनी शुभकामनाएं दी। मौके पर राजद जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, वार्ड प्रसाद कैलाश यादव, विमल यादव, सोनू कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे। इस दौरान गोवर्द्धन पूजा समिति और ताइक्वांडो एसोसिएशन ने नवनिर्वाचित विधायक राजबल्लभ प्रसाद का अभिनंदन किया। लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। बता दें कि जिले की हैंडबाल खिलाड़ी का चयन सैफ खेल के लिए भी किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र सुपरलीग में भी वह प्रदर्शन करते नजर आयेगी। सैफ व महाराष्ट्र सुपरलीग के लिए खुशबू बिहार से चयनित होने वाली एकमात्र खिलाड़ी है।