सरपंच के प्रयास से सुलझा पईन का विवाद
नवादा। पिछले दस दिनों से चले आ रहे कुंज पईन का विवाद शनिवार को ग्राम कचहरी के प्रयास से समाप्त हो गय
नवादा। पिछले दस दिनों से चले आ रहे कुंज पईन का विवाद शनिवार को ग्राम कचहरी के प्रयास से समाप्त हो गया है। शुक्रवार को रजौली एसडीओ शंभूशरण पाण्डेय ने स्थल निरीक्षण के बाद स्थानीय सरपंच को मिल बैठ कर विवाद दूर करने को कहा था। इसी के आलोक में सरपंच मो. मोहिउदीन की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें कुम्हरावां,कुंज व कुंजैला गांव के प्रबुद्ध ग्रामीण उपस्थित हुए। बैठक में पईन की सफाई जेसीबी से कराने पर सहमति बनी। बरसात के बाद पईन की विधिवत मापी कराने का भी निर्णय लिया गया। इसके साथ ही स्थानीय विवाद को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। विवाद समाप्त होते ही धान रोपाई के कार्य में तेजी आने की संभावना बढ़ गयी है। क्योंकि इसी पईन के द्वारा सकरी नदी से कुंज व कुंजैला गांव के खेतों में पानी पहुंचता था। जिससे खेत की सिंचाई होती थी। बैठक में मुखिया अनिरूद्ध प्रसाद सिंह, पूर्व मुखिया बद्रीनारायण सिंह, ग्रामीण ईश्वरी महतो, विशेश्वर महतो, वाली सिंह, अनिरूद्ध सिंह, प्रो उमाकांत सिंह,राजेन्द्र प्रसाद,गंगा महतो आदि उपस्थित थे।