एसपी के पास पंहुचा दुष्कर्म पीड़िता के पिता को फंसाने का मामला
संवाद सूत्र, नवादा : पुलिस कार्यालय में गुरुवार को एसपी डा. परवेज अख्तर ने जनता दरबार लगाया। जिले
संवाद सूत्र, नवादा :
पुलिस कार्यालय में गुरुवार को एसपी डा. परवेज अख्तर ने जनता दरबार लगाया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये फरियादियों ने न्याय की गुहार लगाई। रजौली थाना क्षेत्र के करनपुर गांव से पहुंचे दर्जनों लोगों ने एसपी को बताया कि गांव की एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। दुष्कर्मी उस युवती को गांव से दूर लेकर चले गये थे। पुलिस की दबिश के बाद युवती को गांव के मध्य विद्यालय के पास छोड़ दिया गया। इस बाबत रजौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसी मामले के विरोध में देवन यादव ने दुष्कर्म पीड़ित युवती के पिता पर दुष्कर्म का झूठा मुकदमा कर दिया है। लिहाजा इस मामले की जांच कर न्याय दिलाई जाए। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के हैबतपुर मठ के पुजारी रामचंद्र प्रसाद ने गांव के ही कुछ लोगों पर गेहूं की फसल जबरन काट लिये जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। नरहट थाना क्षेत्र के गंगारामपुर की टुन्नी देवी ने ससुराल वालों पर मारपीट करने और घर से बाहर निकाल दिये जाने की शिकायत की। रजौली थाना क्षेत्र के टकुआटांड निवासी प्रवीण कुमार, पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पकरीबरावां बाजार की रंजू देवी ने थानों में दर्ज कांडों में फरार चल रहे अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की मांग की। नगर थाना क्षेत्र के सिसवां गांव निवासी विपिन कुमार सिंह ने मगध रेंज के डीआईजी की सुपरविजन रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना में दर्ज कांड के आलोक में न्याय दिलाने की मांग की। इसके अलावा भी जनता दरबार में कई मामले आये। एसपी ने फरियादियों की शिकायतों को सुन उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।