पेड़ से लटका मिला गुमशुदा धीरज का शव
जागरण टीम, नवादा : रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली पंचायत के खिड़किया जंगल से बुधवार को हिसुआ बाजार के
जागरण टीम, नवादा : रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली पंचायत के खिड़किया जंगल से बुधवार को हिसुआ बाजार के पाचू निवासी लक्ष्मी लाल के 32 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार का शव रजौली पुलिस ने बरामद किया। वह पिछले 10 अप्रैल से गायब था। उसका शव एक पेड़ में लटका मिला। मामला हत्या का है या आत्महत्या का पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक युवक के परिजनों के मुताबिक पत्नी व ससुराल वालों से रिश्ते इन दिनों ठीक नहीं चल रहे थे।
बताया जाता कि धीरज ने अपनी पत्नी सोनी देवी से 9 अप्रैल 2015 को लडाई-झगड़ा कर अकबरपुर अपने ससुराल भेज दिया था। 10 अप्रैल को धीरज अपने घर से ससुराल जाने की बात कह कर निकला, लेकिन शाम तक ससुराल नहीं पहुंचा। तब परिजनों ने खोज-बीन शुरू की और हिसुआ थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। काफी खोजबीन के बाद भी धीरज नहीं मिला तो रजौली, अकबरपुर, नवादा, हिसुआ में गुमशुदगी का पोस्टर चिपकाया गया। मंगलवार की रात रजौली थाना को जानकारी दी गयी कि चितरकोली पंचायत के खिरकिया जंगल में बरगद पेड में एक शव लटका है। सूचनाओं के बाद बुधवार की सुबह रजौली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहा शव बरगद पेड़ में लटका पाया गया। इस बीच युवक की गुमशुदगी का पोस्टर चौक-चौराहा पर चस्पा होने की की सूचना भी मिली। तब रजौली पुलिस ने हिसुआ थाना को सूचना दी। हिसुआ के एएसआई दिलीप सिंह के साथ ही उसके परिजन भी वहां पहुंचे और शव की शिनाख्त की। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। शव को देखकर ऐसा लगता है कि किसी ने हत्या कर पेड़ में लटका दिया। घटनास्थल पर धीरज मुड़ा हुआ बाल, एक ब्लेड, एक ब्लेड लगा हुआ रेजर मिला है। दाया पैर का नीचे भाग बिल्कुल गला हुआ था। इससे प्रतीत होता है कि धीरज के उपर तेजाब डाल कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया था। बता दें कि यह इलाका झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाके का है। एनएच 31 पर स्थित राजकुमार यादव के होटल से पश्चिम से जंगली रास्ता झाझरी के खदान की ओर जाता है। उसी इलाके में शव पेड़ से टंगा था। शव पेड़ पर लोहा के पतला तार से लटका देख लकड़हाड़ों ने लोगों को दी। उन्हीं लोगों ने इसकी सूचना रजौली पुलिस को दी। जिसके बाद रजौली के थानाध्यक्ष सुनील सिंह सहित अन्य पुलिस के जवान घटना स्थल पर पहूंच कर शव को अपने कब्जे में लिया।
-------
डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी शादी
हिसुआ (नवादा): मृतक धीरज कुमार की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अकबरपुर हाट निवासी स्व. वृजनंदन लाल के बेटी सोनी देवी के साथ हुई थी। परिजन बताते हैं कि शादी के बाद से ही बहू का रवैया खराब था। वह अक्सरहां अपने मायके वालों को बुला कर ससुराल वालों को डांट फटकार करवाती थी। इसी दरम्यान मृतक को एक बच्चा भी हुआ। बच्चा पांच माह का है। फिलहाल धीरज की मौत के बाद हिसुआ में मातम पसरा है। कोई से हत्या तो कोई आत्महत्या बता रहा है। अगर हत्या हुई तो किसने की, गुत्थी सुलझाना पुलिस के जिम्मे आ गया है।