अभाविप के बिहार बंद को शिक्षकों का समर्थन
संवाद सूत्र, नवादा : नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक शनिवार को अभ्यास मध्य विद्यालय परिसर म
संवाद सूत्र, नवादा :
नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक शनिवार को अभ्यास मध्य विद्यालय परिसर में हुई। अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार भारती ने की। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार राज्य नियोजित शिक्षक संघर्ष मोर्चा के उपसंयोजक डा. गणेश शंकर पांडेय ने बिहार में गिरती शिक्षा व्यवस्था के विरोध में अभाविप के आंदोलनरत छात्रों पर लाठी चार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने 30 मार्च को घोषित बिहार बंद को नैतिक समर्थन देने का एलान किया। इसके साथ ही 31 मार्च को नियोजित शिक्षकों के वेतनमान को लेकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समान काम के लिए समान वेतन की तर्ज पर सरकार नियोजित शिक्षकों को वेतनमान देने की घोषणा करे। संघ के प्रदेश संगठन सचिव डा. विश्वनाथ प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन जायज है। छात्रों व शिक्षकों की आवाज को दबाने के लिए लाठी चार्ज किया जाना सरकार की तानाशाही रवैया को दर्शाता है। जिलाध्यक्ष श्रीभारती ने कहा कि 31 मार्च को होने वाला विधानसभा घेराव ऐतिहासिक होगा। बैठक का संचालन बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रामजी प्रसाद ने किया। मौके पर डा. रंजन कुमार तिवारी, अनिल कुमार, अखिलेश कुमार, अमित कुमार गौरव, संपूर्णानंद, प्रभात कुमार, पवन कुमार पंकज, अरविंद कुमार, सतीश प्रसाद, डा. अमरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, अभ्यानंद, अभिमन्यु कुमार, प्रवीण चंद्र राय आदि उपस्थित थे।