कई जघन्य कांडों का वांछित निक्कू गिरफ्तार
संवाद सूत्र, नवादा : कई लूटकांडों का वांछित अपराधी निक्कू उर्फ धामा उर्फ आलोक को पुलिस ने गिरफ्ता
संवाद सूत्र, नवादा :
कई लूटकांडों का वांछित अपराधी निक्कू उर्फ धामा उर्फ आलोक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देसी कट्टा व तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार अपराधी हिसुआ थाना क्षेत्र के मनवां गांव का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी रोह स्थित नीचे बाजार से हुई। रविवार को नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी डा. परवेज अख्तर ने यह जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना पर रोह पुलिस व डीआईयू टीम ने निक्कू को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि निक्कू ने पूछताछ में कई राज उगले। उसने पूर्व जिला पार्षद अखिलेश सिंह की हत्या की साजिश रच रखी थी। एक साल पहले वह जेल से बाहर निकला है। जेल में बंद नवीन सिंह के कहने पर उसने हत्या की साजिश बनाई थी। हालांकि पुलिस को इसकी भनक लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार निक्कू कई लूटकांडों में शामिल रहा है। वर्ष 2013 में गया जिला के वजीरगंज थाना क्षेत्र में इचुआ मोड़ के समीप इंडिगो वाहन के साथ वाहन सवार के 300 ग्राम जेवरात व नगदी लूटी ली गई थी। इस कांड में भी इसकी संलिप्तता थी। इस घटना में उसे मात्र 8 हजार रुपये मिले थे। नरहट में एसबीआई मैनेजर से 1 लाख 26, हिसुआ थाना के भेलू बिगहा में पंचायत सेवक से 4 लाख, वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मय गांव में शिक्षक से 40 हजार, वारिसलीगंज के स्वर्ण व्यवसायी हत्या सह लूटकांड, नगर के गोला रोड में पोलदार से लूटकांड समेत 22 संगीन कांडों में निक्कू आरोपी है। एसपी ने बताया कि इस अपराधी ने दो दारोगा रंजीत कुमार व चंदन कुमार को धमकी भी दी थी।