दोहरे अपहरण की साजिश रचने वाला गिरफ्तार
संवाद सूत्र, नवादा : दोहरे अपहरण की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी मुन्ना झा उर्फ प्रकाश कुमार झा को पु
संवाद सूत्र, नवादा : दोहरे अपहरण की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी मुन्ना झा उर्फ प्रकाश कुमार झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर ली। उसे पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधी अपहृत युवकों के गांव भदोखरा का ही रहने वाला है। नगर थाना में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी डा. परवेज अख्तर ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मुन्ना अपहृत धनंजय का पुरोहित है। घटना को अंजाम देने से पूर्व नवादा नगर के प्रसाद बिगहा मोहल्ले में भोला सिंह के घर में अपराधी संजय, कारू व निशु से पहचान हुई थी। बाद में इन लोगों ने मिल कर अपहरण की साजिश रची। मुन्ना ने अन्य अपराधियों को बताया था कि धनंजय को अपहरण करने के बाद एक करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इसके बाद संजय ने धनंजय की रेकी शुरु कर दी। कई दिनों की रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया गया। एसपी ने बताया कि मुन्ना झा ने पिछले पंचायत चुनाव में ललन सिंह को जिताने का काम किया था। फिर उसने ठेकेदारी का काम शुरु कर दिया। हाल ही में लघु सिंचाई विभाग से 25 लाख का काम कराया था। जिसमें विभाग से आधा पेमेंट हुआ। इन दिनों ठेकेदारी का काम कम होने लगा था। जिसके बाद उसने अपहरण की साजिश रची। गिरफ्तार मुन्ना ने पुलिस के समक्ष बताया कि फिरौती की रकम में से उसे ढाई लाख रुपये मिलने की बात थी। लेकिन अभी तक रुपया नहीं मिला है। वारदात के बाद वह तीन-चार दिनों तक गांव में ही था। बाद में वह पटना भाग गया था। पकरीबरावां एसडीपीओ रामपुकार सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे पटना से गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि संजय व कारू को रविवार को ही पुलिस ने गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि 15 अक्टूबर की शाम स्वर्ण व्यवसायी धनंजय वर्मा व एमडीएम कर्मी अमरजीत का अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। परिजनों द्वारा फिरौती की मोटी रकम अदा किये जाने के अपराधियों ने अपहृत युवकों को मुक्त किया था।