हत्यारोपी पूर्व उप प्रमुख को ग्रामीणों ने पुलिस से छुड़ाया
संवाद सहयोगी,नवादा : जिले में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा है कि वे अब पुलिस वालों को भी आंखे दिखा र
संवाद सहयोगी,नवादा : जिले में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा है कि वे अब पुलिस वालों को भी आंखे दिखा रहे हैं। सोमवार को काशीचक थाना क्षेत्र के बेलड़ गांव में कुछ इसी प्रकार की घटना हुई। गिरफ्तार हत्याभियुक्त पूर्व उप प्रमुख अरूण सिंह को ग्रामीणों ने पुलिस बल पर हमलाकर उन्हें मुक्त करा लिया। उनकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस बल को खदेड़ने की दूसरी घटना हुई। इस बावत थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें तीन को नामजद व कई अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है।
क्या है मामला
-बेलड़ गांव में लगे मोबाइल टावर के सुरक्षा गार्ड गांव के ही अरूण कुमार सिंह की हत्या सुप्तावस्था में 8 मई 2014 की रात्री में गोली मारकर की गयी थी। उक्त मामले में मृतक के पिता के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। जिसमें पूर्व उप प्रमुख समेत जितेन्द्र सिंह व दिवाकर सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया था। जांचोपरांत मामले सत्य करार देते हुए पुलिस अधीक्षक ने अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। उक्त मामले में पुलिस को न्यायालय से वारंट के साथ संपत्ति कुर्क का आदेश प्राप्त है। बावजूद अभियुक्त फरार रहकर पुलिस को खुलेआम चुनौती देने में लगे हैं।
सोमवार की सुबह हुई थी गिरफ्तारी
-पूर्व उप प्रमुख के घर पर होने की गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस गिरफ्तार करने उनके घर पर पहुंच गयी। उस वक्त वे पशुओं को चारा खिलाने का कार्य कर रहे थे। पुलिस पर नजर पड़ते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया लेकिन चौकस पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस द्वारा पकड़ने जाते ही घर की महिलाओं व उनके समर्थकों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया तथा जबतक पुलिस संभल पाती अपराधी उप प्रमुख को छुड़ाकर ले जाने में सफल हो चुके थे।
कहते हैं थानाध्यक्ष
- पुलिस पर इस मामले में हमले की यह दूसरी घटना है। इसके पूर्व भी हमले किये जा चुके हैं। बावजूद पुलिस हिम्मत नहीं हारी है तथा गिरफ्तार करने की रणनीति बनायी जा रही है। उक्त मामले में अभिषेक कुमार,शंकर सिंह व कौशिक कुमार को नामजद व कई अन्य अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई आरंभ की गयी है।
श्रीकान्त कुमार,थानाध्यक्ष,काशीचक।